कांग्रेस (Congress) ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की तरफ से कथिततौर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) को दरकिनार करने का मुद्दा उठाया। कांग्रेस प्रवक्ता चरण सिंह सपरा ने रविवार को सत्तारूढ़ दल पर निशाना साधते हुए दावा किया कि उसने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को दरकिनार कर दिया है और वह उन पर दांव नहीं लगाना चाहती है। सपरा ने कहा कि उनकी पार्टी प्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ (Kamal Nath) के नेतृत्व में विश्वास जताते हुए आगामी मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव ‘‘स्पष्ट दृष्टिकोण’’ के साथ लड़ रही है।
विपक्षी दल कांग्रेस ने 17 नवंबर को होने वाले 230 सदस्यीय प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को अपने 144 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। कांग्रेस ने पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ सहित 69 मौजूदा विधायकों को टिकट दिया है।
सपरा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने 144 उम्मीदवारों की पहली सूची में हमारे अगुआ और सर्वोच्च कमांडर कमलनाथ का नाम घोषित किया। हम अपने दृष्टिकोण में बिल्कुल स्पष्ट हैं।’’
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि BJP ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को अपनी चौथी सूची में उम्मीदवार के रूप में चुना, जिससे साबित होता है कि उनकी पार्टी नेतृत्व को ‘‘अब उनके चेहरे पर भरोसा नहीं है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘BJP उन पर (चौहान) दांव नहीं लगाना चाहती। उन्हें किनारे कर दिया गया है। वह एक फ्लॉप शो हैं। BJP का केंद्रीय नेतृत्व उनके साथ ऐसा व्यवहार कर रहा कि उनकी कोई ताकत अब बची नहीं।’’
उन्होंने कहा कि BJP ने चौहान को दरकिनार करते हुए तीन केंद्रीय मंत्री नरेंद्र तोमर, प्रह्लाद सिंह पटेल और फग्गन सिंह कुलस्ते सहित अपने सात सांसदों को मैदान में उतारा है।
कांग्रेस नेता ने यह भी दावा किया कि आसन्न हार की आशंका के बाद BJP खेमे में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा, ‘‘हम प्रदेश में भारी जीत दर्ज करने जा रहे हैं।’’
कांग्रेस के उम्मीदवारों की पहली लिस्ट के मानदंडों के बारे में पूछे जाने पर सपरा ने कहा कि जीत पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है।