MP Election 2023: 'मैं आपको लखपति और करोड़पति बनाने आया हूं' इंदौर की जनता से कैलाश विजयवर्गीय का वादा

MP Election 2023: बीजेपी ने उन्हें कांग्रेस के कब्जे वाली इंदौर-1 सीट से उम्मीदवार बनाया है। विजयवर्गीय ने बीजेपी कार्यकर्ताओं की एक बैठक में कहा कि उनके चुनाव जीतने पर इस इलाके का इतना विकास होगा कि पांच साल बाद लोगों के मकान की कीमत तीन गुना बढ़ जाएगी। उन्होंने कहा, "मैं आपको लखपति और करोड़पति बनाने आया हूं

अपडेटेड Oct 02, 2023 पर 9:12 PM
Story continues below Advertisement
MP Election 2023: कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मैं आपको लखपति और करोड़पति बनाने आया हूं

MP Election 2023: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय (Vijay Vargiya) ने तेज रफ्तार विकास के वादे के साथ अपने लिए वोट मांगे। उन्होंने सोमवार को चुनाव प्रचार के दौरान कहा कि वह लोगों को लखपति और करोड़पति बनाने के लिए चुनावी मैदान में उतरे हैं। विजयवर्गीय 10 साल के लम्बे अंतराल के बाद विधानसभा चुनाव (Assembly Election) लड़ रहे हैं। बीजेपी ने उन्हें कांग्रेस के कब्जे वाली इंदौर-1 सीट से उम्मीदवार बनाया है।

विजयवर्गीय ने बीजेपी कार्यकर्ताओं की एक बैठक में कहा कि उनके चुनाव जीतने पर इस इलाके का इतना विकास होगा कि पांच साल बाद लोगों के मकान की कीमत तीन गुना बढ़ जाएगी। उन्होंने कहा, "मैं आपको लखपति और करोड़पति बनाने आया हूं।"

उन्होंने कहा कि वह इंदौर-2 विधानसभा क्षेत्र के नंदा नगर के जिस घर में रहते हैं, उसकी कीमत कभी 10 लाख रुपए थी, जो आज बढ़कर डेढ़ करोड़ रुपए हो गई है, क्योंकि सत्तारूढ़ बीजेपी की तरफ सुदृढ़ बुनियादी सुविधाएं प्रदान किए जाने के बाद इस इलाके का काफी विकास हुआ है।


विजयवर्गीय ने इंदौर-1 के मौजूदा कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला द्वारा पिछले पांच बरसों में कई धार्मिक कार्यक्रमों व भंडारों के आयोजन और महिलाओं को कथित रूप से साड़ियां बांटने पर निशाना साधा।

MP Election 2023: 'ऐसा भाई नहीं मिलेगा, जब मैं चला जाऊंगा तो आप मुझे याद करेंगे' शिवराज के बयान पर कांग्रेस ने ली चुटकी

उन्होंने बैठक में मौजूद बीजेपी कार्यकर्ताओं से कहा,'आपके मोहल्ले में जो लोग अब तक कांग्रेस को वोट देते आए हैं, आप उन्हें समझाइए कि वे भले ही (कांग्रेस विधायक के आयोजित कार्यक्रमों में) भोजन करें, धार्मिक कथा सुनें और साड़ी भी रख लें, पर (आगामी विधानसभा चुनावों में) वोट बीजेपी को ही दें।'

विजयवर्गीय ने कहा,'मैं तो अब चुनाव लड़ना ही नहीं चाहता था, लेकिन मुझे बीजेपी ने कांग्रेस विधायक को उनके घर पहुंचाने के लिए भेज दिया है। पार्टी वालों को भगवान ने बुद्धि इसलिए दी क्योंकि इंदौर-1 क्षेत्र में बहुत पाप हो रहे हैं।'

बीजेपी महासचिव अपने चुनाव प्रचार के दौरान इंदौर-1 के मतदाताओं से लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन के विस्तार, क्षेत्र में पेयजल की समस्या दूर कराने, यातायात जाम से मुक्ति दिलाने और नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार खत्म कराने के वादे भी कर रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।