MP Election 2023: कांग्रेस (Congress) महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) ने गुरुवार को कहा कि BJP के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार महिलाओं के साथ "मजाक" कर रही है। क्योंकि लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में उनके लिए सीटें आरक्षित करने वाला नया कानून दस साल तक लागू नहीं किया जा सकता है। चुनावी राज्य मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के आदिवासी बहुल धार जिले के मोहनखेड़ा में एक रैली में बोलते हुए, उन्होंने जाति जनगणना की भी वकालत की और भ्रष्टाचार को लेकर राज्य की BJP सरकार की आलोचना की।
प्रियंका ने कहा, BJP के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार महिला आरक्षण विधेयक लेकर आई और हम सभी विपक्षी दलों ने इसका समर्थन किया। फिर हमने पाया कि इसे दस साल तक लागू नहीं किया जाएगा, उससे पहले जनगणना कराई जाएगी और (लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों का) परिसीमन करना होगा... फिर इस घोषणा का क्या मतलब था? इसका मतलब आप महिलाओं के साथ मजाक कर रहे हैं। ये हमारा अधिकार है। वे (सरकार) किसी पर कोई एहसान नहीं कर रहे हैं।"
उन्होंने यह भी पूछा कि "अगर सभी को समान अधिकार हैं" तो केंद्र सरकार जाति जनगणना कराने के खिलाफ क्यों है।
गांधी ने कहा, "बिहार में हुई जाति जनगणना में पाया गया कि 84 प्रतिशत आबादी ओबीसी और दलित हैं, लेकिन ये लोग सरकारी पदों पर नहीं हैं और जब उनसे पूछा जाता है, तो वे (भाजपा) चुप हो जाते हैं।" उन्होंने पूछा कि क्या इस 84 प्रतिशत समूह में शामिल लोग कोई प्रमुख सरकारी पद संभाल रहे हैं।
PM के लगातार दौरे पर क्या बोलीं प्रियंका?
कांग्रेस महासचिव ने साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश के लगातार दौरे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा।
उन्होंने पूछा, "जब चुनाव आते हैं, तो मोदी जी हर दो दिन में राज्य का दौरा करते हैं और परियोजनाओं का उद्घाटन करते हैं। ये विकास कार्य पहले क्यों नहीं हो सके।"
प्रियंका ने कहा, मोदी जी कह रहे हैं मुझे वोट दो। वे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की बात नहीं कर रहे हैं। चौहान (चुनाव के बाद) मुख्यमंत्री नहीं होंगे।"
गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने राज्य में अपने नवीनतम 50 मिनट के भाषण में "50 बार" कांग्रेस का जिक्र किया और उन्हें विकास के बारे में बात करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि BJP चुनावों के दौरान जाति और धार्मिक आधार पर ''भावनाओं से खेलती है'' और लोगों को ऐसे नेताओं के बहकावे में नहीं आना चाहिए।
गांधी ने कहा, "अपनी भलाई के लिए वोट करें। और अगर आप इस तरह से सोचते हैं, तो आपका वोट कांग्रेस को जाएगा, जिसने देश को मजबूत किया, विकसित किया और एकजुट रखा।"
उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश में BJP के 18 साल के शासन में भ्रष्टाचार बड़े पैमाने पर था।
गांधी ने दावा किया कि 18 साल में 250 से ज्यादा घोटाले हुए। उन्होंने कहा कि BJP सरकार ने घोटाले करते समय "मां नर्मदा और भगवान महाकाल" को भी नहीं बख्शा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कर्नाटक, छत्तीसगढ़, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में अपनी चुनाव-समय की "गारंटी" लागू की।