रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी, उनके बेटे अनंत अंबानी, आकाश अंबानी और आकाश की पत्नी श्लोका मेहता ने 20 नवंबर को हुए विधानसभा चुनाव में मुंबई के एक पोलिंग बूथ में मतदान किया। रिलायंस इंडस्ट्रीज के परिवार के सदस्यों ने अपना वोट तकरीबन 3.30 बजे डाला। मुकेश अंबानी और परिवार के अन्य सदस्यों ने पोलिंग बूथ के बाहर मीडिया के सामने स्याही लगी अपनी उंगलियां भी दिखाईं।
हालिया आंकड़ों के मुताबिक, महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव में 45 पर्सेंट के आसपास मतदान हुई है। महाराष्ट्र के साथ-साथ झारखंड के दूसरे चरण का मतदान भी 20 नवंबर को संपन्न हो गया। झारखंड में तकरीबन 62 पर्सेंट मतदान होने की खबर है। महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों पर 20 नवंबर को सुबह 7 बजे मतदान की शुरुआत हुई। झारखंड और महाराष्ट्र के चुनाव नतीजों का ऐलान 23 नवंबर को होगा।
इससे जाने-माने उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने भी अपना वोट डाला और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर स्याही लगी उंगली की फोटो भी पोस्ट की। उन्होंने लिखा, 'हमारी सबसे बड़ी ताकत दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में वोट डालने का हमारा अधिकार है।' रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास और उनकी पत्नी ने भी मालाबार हिल विधानसभा क्षेत्र में वोट डाला। उन्होंने चुनाव के बेहतर इंतजामों के लिए चुनाव आयोग की तारीफ भी की।
महायुति के भीतर बीजेपी ने 149 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिव सेना 81 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इसके अलावा अजीत पवार की अगुवाई वाली NCP ने 59 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। दूसरी तरफ, महा विकास अघाड़ी (MVA) गठबंधन में कांग्रेस 59 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि शिव सेना (उद्धव ठाकरे) ने 95 उम्मीदवार उतारे हैं और NCP (शरद पवार) 86 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।