Bihar Election 2025: बिहार में भले ही अगले साल चुनाव हो लेकिन बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनकी टीम अभी से ही चुनावों की तैयारी में लग गई। BJP गठबंधन को महाराष्ट्र में मिली अप्रत्याशित जीत के बाद NDA गठबंधन में काफी उत्साह दिख रहा है। BJP जो हमेशा चुनावी मिशन पर रहने वाली पार्टी मानी जाती है। अब उसी की सफलताओं को देखते हुए नीतीश कुमार की JDU भी चुनावी मोड में आ गई है। इसको लेकर पार्टी ने सात अनुभवी नेताओं की टीम बनाई है, जो 2025 में होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी की तैयारियों पर नजर रखेंगे।
आगामी चुनाव को लेकर नीतीश कुमार ने जो टीम बनाई है, उसमें संजय झा, अशोक चौधरी, विजय चौधरी, श्रवण कुमार, रामनाथ ठाकुर, विजेंद्र यादव और उमेश कुशवाहा शामिल हैं। इस टीम में मंत्री से विधायक तक को शामिल किया गया है, ताकि चुनाव में कोई कसर न रह जाए। नीतीश कुमार ने 2020 में पार्टी को लगे झटकों को देखते हुए ये टीम बनाई है। JDU इस बार के चुनाव में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है।
ग्राउंड जीरो पर विकास कार्यों का जायजा लेगी टीम
बिहार सरकार में मंत्री और जेडीयू के सबसे वरिष्ठ नेताओं में से एक अशोक चौधरी का कहना है कि, अनुभवी और राजनीतिक सूझबूझ वाले जेडीयू के अनुभवी नेताओ की टीम बनाई गई है, जो पूरे प्रदेश में सरकार के कार्यों का जायजा करेगी। ये टीम प्रदेश के सभी जिलों में जाकर नीतीश कुमार के विकास कार्यों का जनता को कितना लाभ मिला है इसकी छानबीन करेगी। ग्राउंड जीरो पर जाकर जनता की समस्याओं का निदान किया जाएगा। 2020 के बिहार विधान सभा चुनाव में नीतीश कुमार की पार्टी को बहुत बड़ा झटका लगा था। 243 सीटों वाले विधानसभा में पार्टी सिर्फ 43 सीटें ही जीत पाई थी जबकि पिछले चुनाव में पार्टी ने 71 सीटें जीती थी।
उपचुनाव की सफलता के बाद JDU को है बड़ी उम्मीद
20 नवंबर को ही झारखंड और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के साथ बिहार के 4 सीटों पर भी चुनाव हुए थे जिसमें एनडीए ने चार की चार सीट अपने नाम कर ली। जिसमें भाजपा ने जहां दो, हिन्दुस्तानी आवामी मोर्चा ने 1 और नीतीश की जनता दल ने 1 सीट अपने नाम की है। उपचुनाव को लेकर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि हरियाणा जीत के बाद जनता का मूड बदला है और बिहार की चार सीटों पर जीत ने एनडीए का न सिर्फ मनोबल बढ़ाया है, बल्कि जनता ने अभी से ही ये साफ संकेत दे दिया है कि 2025 में उनका आशीर्वाद एनडीए को मिलने वाला है। वहीं उनका ये भी कहना है कि ये परिणाम आने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को एक बार फिर से जीत दिलाएगी।
नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे कई बड़े नेता
बिहार उपचुनाव में मिली सफलता के बाद बिहार एनडीए के कई बड़े नेता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे। बीजेपी के नेता भी महाराष्ट्र और बिहार के चार सीट पर जीत के बाद काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। बिहार उपचुनाव में मिली जीत ने बहुत हद तक इस बात को सुनिश्चित कर दिया है कि 2025 के विधानसभा में एनडीए नीतीश कुमार के ही नेतृत्व में चुनाव लड़ने वाली है।
वहीं इन चुनावों ने तेजस्वी यादव और विपक्ष के नेताओं की मुश्किलें बढ़ा दी है। उपचुनाव में मिली हार को लेकर तेजस्वी यादव की बात कर रहे हैं। वहीं ये भी दावा कर रहे हैं कि 2025 में बिहार में महागठबंधन की सरकार ही बनेगी। तेजस्वी यादव ने उपचुनाव पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि बिहार के उप चुनाव में जो BJP जीती है ये इन लोगों की आखिरी जीत है, इसके बाद ये लोग जीतने वाले नहीं हैं। उनका कहना है कि झारखंड में NDA की करारी हार हुई है, मुझे पूरा भरोसा है कि 2025 में बिहार की जनता हमारी ही सरकार बनाएंगी। उनका मनाना है कि बिहार की जनता बिहार में बदलाव चाह रही है।