Who Is Mohan Charan Majhi: 52 वर्षीय नेता बीजेपी MLA मोहन चरण माझी ओडिशा में भारतीय जनता दल (BJP) विधायक दल के नेता चुने गए हैं। वे अब राज्य के नए मुख्यमंत्री होंगे। ये निर्णय बीजेपी विधायक दल की बैठक में मंगलवार 11 जून को लिए गए, जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव पर्यवेक्षक के रूप में शामिल हुए थे। राज्य के अस्तित्व में आने के बाद से माझी BJP के पहले मुख्यमंत्री होंगे। सिंह ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी विधायक दल की बैठक के बाद इसका ऐलान किया।
राजनाथ सिंह ने पत्रकारों को बताया कि कनक वर्धन सिंह देव और प्रवती परिदा ओडिशा के उपमुख्यमंत्री होंगे। बीजेपी को 147 सदस्यीय राज्य विधानसभा में बहुमत मिला है। केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और भूपेंद्र यादव को पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किया गया था। वह चार बार विधायक रह चुके हैं और तटीय राज्य में एक प्रमुख आदिवासी चेहरा हैं।
विधानसभा के लिए मतदान के बाद 4 जून को हुई मतगणना में BJP ने 147 विधानसभा सीट में से 78 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया। शपथ ग्रहण समारोह 12 जून को शाम 5 बजे आयोजित किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री के रूप में अपने चयन के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए माझी ने कहा, "पिछले 24 वर्षों की सरकार बदल गई है। हम लोगों ने अपने सपनों को पूरा करने और ओडिशा के विकास के लिए भाजपा में जो विश्वास दिखाया है, उसे पूरा करने का प्रयास करेंगे। मैं ओडिशा को देश का नंबर वन राज्य बनाने का वादा करता हूं।"
चार बार विधायक रह चुके माझी ओडिशा में एक मजबूत आदिवासी आवाज हैं। वह अपने संगठनात्मक कौशल के लिए जाने जाते हैं। वह इस साल क्योंझर सीट से 11,577 वोटों के अंतर से जीते। उन्होंने बीजू जनता दल की मीना माझी और कांग्रेस उम्मीदवार प्रतिभा मंजरी नाइक को हराया। 53 वर्षीय मोहन माझी आदिवासी समुदाय से आते हैं। वे पहली बार 2000 में क्योंझर सीट से ओडिशा विधानसभा के लिए चुने गए थे और अभी भी इस निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
चार बार के विधायक अपनी सार्वजनिक सेवा और संगठनात्मक कौशल के लिए जाने जाते हैं। विधानसभा में एंट्री करने से पहले उन्होंने 1997 से 2000 तक सरपंच के रूप में कार्य किया। वे ओआरवी अधिनियम के तहत एससी और एसटी की स्थायी समिति के सदस्य भी थे।
इसके अलावा माझी 2005 से 2009 तक सरकार के उप मुख्य सचेतक थे, जब बीजू जनता दल (BJD) ने BJP के साथ गठबंधन सरकार चलाई थी।
बीजेपी सांसद प्रदीप पुरोहित ने कहा, "PM मोदी ने जो फार्मूला बताया था... 'ओडिशा में जन्मा व्यक्ति, ओडिशा की भाषा, संस्कृति का ज्ञान रखने वाला, ओडिशा के विकास का विजन रखने वाला व्यक्ति मुख्यमंत्री होगा' उसी के आधार पर मुख्यमंत्री बनाया गया है... आज विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से मोहन माझी, जो ओडिशा में बड़ा आदिवासी चेहरा हैं, बीजेपी के विधायक रह चुके हैं उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में चुना गया है। उनके साथ कनक वर्धन सिंह देव और प्रवती परिदा उपमुख्यमंत्री होंगे।"