Get App

लाइव ब्लॉग

MoneyControl News NOVEMBER 16, 2023 / 6:44 PM IST

Assembly Elections 2023 Highlights: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 17 नवंबर को होगी वोटिंग, एमपी के इन जिलों में 3 बजे तक होगा मतदान

Assembly Elections 2023 Highlights: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 17 नवंबर को विधानसभा चुनाव (Assembly Elections) मतदान होगा। मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों और छत्तीसगढ़ की 70 सीटों के लिए 17 नवंबर को होने वाले मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। दोनों ही राज्यों में सियासी दलों ने मतदाताओं को लुभाने के लिए प्रचार के जरिए पूरा जोर लगाया। मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में कुल 2,533 उम्मीदवार भाग्य आजमा रहे है। वहीं, छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण के 70 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 958 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं। एमपी में एक चरण में 17 नवंबर को सभी 230 विधानसभा क्षेत्र में मतदान होना है

Assembly Elections 2023 Highlights: मध्य प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुपम राजन ने कहा कि राज्य में एक चरण में 17 नवंबर को सभी 230 विधानसभा क्षेत्र में मतदान होगा। मतदान सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा। राजन ने बताया कि नक्सल प्रभावित जिलों में मतदान सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा। बालाघाट के 3 विधानसभा क्षेत्रों में, मंडला के 55 मतदान केंद्र और डिंडौरी के 40 मतदान केंद्रों पर


Assembly Elections 2023 Highlights: दोनों राज्यों में सत्ता के लिए मुख्य लड़ाई BJP और कांग्रेस के बीच है
Assembly Elections 2023 Highlights: दोनों राज्यों में सत्ता के लिए मुख्य लड़ाई BJP और कांग्रेस के बीच है
NOVEMBER 16, 2023 / 6:33 PM IST

Assembly Elections 2023 LIVE: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 17 नवंबर को होगी वोटिंग

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 17 नवंबर को विधानसभा चुनाव (Assembly Elections) मतदान होगा। मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों और छत्तीसगढ़ की 70 सीटों के लिए 17 नवंबर को होने वाले मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। दोनों ही राज्यों में सियासी दलों ने मतदाताओं को लुभाने के लिए प्रचार के जरिए पूरा जोर लगाया। मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में कुल 2,533 उम्मीदवार भाग्य आजमा रहे है। वहीं, छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण के 70 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 958 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं। एमपी में एक चरण में 17 नवंबर को सभी 230 विधानसभा क्षेत्र में मतदान होना है।

    NOVEMBER 16, 2023 / 6:01 PM IST

    MP Assembly Elections 2023 Live: नक्सल प्रभावित जिलों में 7 से 3 बजे तक होगा मतदान

    मध्य प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुपम राजन ने कहा कि राज्य में एक चरण में 17 नवंबर को सभी 230 विधानसभा क्षेत्र में मतदान होगा। मतदान सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा। राजन ने बताया कि नक्सल प्रभावित जिलों में मतदान सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा। बालाघाट के 3 विधानसभा क्षेत्रों में, मंडला के 55 मतदान केंद्र और डिंडौरी के 40 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। ये तीनों जिले नक्सल प्रभावित हैं। मतदान से पहले सभी केंद्रों पर मॉक पोलिंग कराई जाएगी।

      NOVEMBER 16, 2023 / 5:47 PM IST

      CG Assembly Elections 2023 Live: छत्तीसगढ़ की सरकार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं बिलासपुर की 25 सीटें

      छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में दूसरे चरण के दौरान 17 नवंबर को जिन 70 सीटों पर मतदान होगा उनमें बिलासपुर संभाग की वे 25 सीटें भी शामिल हैं जो राज्य विधानसभा में लगभग एक तिहाई विधायक भेजती हैं। इन सीटों पर जीत के लिए राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी पूरी ताकत झोंक रखी है। राज्य के पांच संभागों में से एक मध्य क्षेत्र में स्थित बिलासपुर संभाग में सबसे अधिक 25 विधानसभा क्षेत्र हैं जो राज्य में यह फैसला करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं कि सत्ता की चाबी किसके हाथ लगेगी। बिलासपुर संभाग एक ऐसा क्षेत्र है जहां से कांग्रेस को 2018 के चुनाव में अन्य जगहों के मुकाबले कम सीटें मिली थीं। 2018 में संभाग में 24 सीटें थीं, जिनमें से कांग्रेस ने 12 जबकि बीजेपी ने 7 सीटें जीती थी। वहीं बहुजन समाज पार्टी (BSP) को दो और तत्कालीन अजीत जोगी के नेतृत्व वाली जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (J) को तीन सीटें मिली थी। राज्य की 90 विधानसभा सीटों के लिए दो चरणों में मतदान हो रहा है। पहले चरण में 20 सीटों पर मतदान हुआ तो दूसरे चरण में 70 सीटों पर मतदान होने वाला है। यह मतदान 17 नवंबर को होगा।

        NOVEMBER 16, 2023 / 5:30 PM IST

        Telangana Assembly Elections 2023 LIVE: कांग्रेस तेलंगाना में BRS सरकार की योजनाओं का विरोध कर रही: KCR

        भारत राष्ट्र समिति (BRS) प्रमुख और तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (KCR) ने आरोप लगाया है कि राज्य के किसानों के कल्याण से जुड़ी उनकी सरकार की योजनाओं का कांग्रेस विरोध कर रही है। राज्य में 30 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पालकुर्थी और नागार्जुन सागर में राव ने रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने उनकी सरकार के तहत 24 घंटे मुफ्त बिजली आपूर्ति के मुकाबले किसानों के लिए केवल तीन घंटे मुफ्त बिजली आपूर्ति का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने रैयतों के लिए 'रायथु बंधु' निवेश सहायता योजना को 'फालतू खर्च' करार दिया और कहा कि BRS सरकार द्वारा शुरू की गई 'धरणी' एकीकृत भूमि रिकॉर्ड मैनेजमेंट सिस्टम को उनके सत्ता में आने के बाद बंगाल की खाड़ी में फेंक दिया जाएगा।

          NOVEMBER 16, 2023 / 4:57 PM IST

          MP Assembly Elections 2023 Live: कमलनाथ का दावा- ग्वालियर-चंबल में भी कांग्रेस जीतेगी

          मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में केवल एक दिन बचे हैं। प्रदेश कांग्रेस प्रमुख और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा है कि राज्य भर में बड़े पैमाने पर यात्रा करने के बाद उन्हें विश्वास है कि लोगों ने फैसला कर लिया है कि वे सबसे पुरानी पार्टी को वोट देंगे और 2018 की तरह 2023 में फिर से कांग्रेस की सरकार बनेगी। कमलनाथ ने यह भी कहा कि उन्हें हिंदू होने के लिए भाजपा से प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं है और यह भी कहा कि सत्ता में आने के बाद कांग्रेस को राज्य में और ग्वालियर और चंबल क्षेत्र में भी स्पष्ट जनादेश मिलेगा जहां लोगों को विश्वासघात पसंद नहीं है।

            NOVEMBER 16, 2023 / 4:43 PM IST

            Rajasthan Assembly Elections 2023 Live: 'चुनाव में कांग्रेसी नेताओं को प्रभु राम बहुत याद आने लगे'

            राजस्थान के दौसा में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एक चुनावी जनसभा में कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि चुनाव में कांग्रेसी नेताओं को प्रभु राम बहुत याद आने लगे है। नड्डा ने कहा कि आज कल बहुत से कांग्रेसी नेताओं को प्रभु राम बहुत याद आने लगे हैं। ये वही कांग्रेसी हैं, जिन्होंने कोर्ट में लिख कर दिया था कि राम काल्पनिक हैं, इनका कोई वैज्ञानिक और ऐतिहासिक आधार नहीं है। आजकल ये राम-राम जप रहे हैं।

              NOVEMBER 16, 2023 / 3:30 PM IST

              Rajasthan Assembly Elections 2023 Live: राहुल गांधी ने जनता को बताई कांग्रेस की 7 गारंटी

              राजस्थान के चूरू में रैली के दौरान राहुल गांधी ने जनता को कांग्रेस की तरफ से किए गए 7 वादों की बारे में जानकारी दी। राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि राजस्थान में हमारी सरकार दोबारा बनने पर परिवार की महिला मुखिया को हर साल 10 हजार रुपए दिए जाएंगे। इसके अलावा 500 रुपए में रसोई गैस सिलेंडर मिलेंगे। 15 लाख रूपए का आपदा राहत बीमा की घोषणा की गई है। राहुल ने कहा कि सभी बच्चों के लिए इंग्लिश मीडियम स्कूल खोले जाएंगे। साथ ही सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों को फ्री लैपटॉप/टैबलेट दिए जाएंगे। इसके अलावा सरकारी कर्मचारियों के लिए OPS कानून लागू होगा। वहीं, 2 रुपए/किलो में गोबर खरीदी की जाएगी।

                NOVEMBER 16, 2023 / 3:05 PM IST

                Rajasthan Assembly Elections 2023 Live: राहुल गांधी का दावा- 'भारत में पहली बार किसानों को टैक्स देना पड़ रहा है'

                चुनावी राज्य राजस्थान के चूरू में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दावा किया कि भारत में पहली बार किसानों को टैक्स देना पड़ रहा है। कांग्रेस सांसद ने कहा, "हम यहां गरीबों की सरकार चलाते हैं, आपकी रक्षा करते हैं। नरेंद्र मोदी जी ने GST लागू किया। भारत में पहली बार किसानों को टैक्स देना पड़ रहा है। उन्होंने नोटबंदी कर सभी छोटे व्यापारियों को खत्म कर दिया। जिधर देखो अदाणी जी कोई न कोई बिजनेस कर रहे हैं- एयरपोर्ट, बंदरगाह, सीमेंट प्लांट, सड़कें सब उन्हीं की हैं...वे अडानी की मदद करते हैं, अडानी पैसा कमाते हैं और उस पैसे को विदेश में इस्तेमाल करते हैं।"

                  NOVEMBER 16, 2023 / 1:54 PM IST

                  Telangana Assembly Elections 2023 LIVE: तेलंगाना में 608 प्रत्याशियों ने वापस लिया नामांकन, 2,290 उम्मीदवार लड़ेंगे चुनाव

                  मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय ने कहा है कि 608 उम्मीदवारों द्वारा अपना नामांकन वापस लेने के साथ तेलंगाना में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए 2,290 उम्मीदवार मैदान में हैं। गजवेल से 44 और कामारेड्डी विधानसभा क्षेत्रों से 39 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जहां से BRS अध्यक्ष और तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव (KCR) चुनाव लड़ रहे हैं।

                    NOVEMBER 16, 2023 / 1:34 PM IST

                    Assembly Elections 2023 Live: पीएम मोदी ने जनजातीय समूहों के लिए शुरू की PM Janman योजना, 24000 करोड़ रुपये होंगे खर्च

                    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आदिवासी गौरव के प्रतीक बिरसा मुंडा की जयंती पर बुधवार को वंचित आदिवासियों को न्याय दिलाने के लिए 'मिशन मोड' पर काम करने का वादा किया। इस दौरान कमजोर जनजातीय समूहों के लिए 24,000 करोड़ रुपये की परियोजना शुरू करते हुए कहा कि वह उनका कर्ज चुकाएंगे। पीएम जनजाति आदिवासी न्याय महा-अभियान पीएम-जनमन (PM PVTG Mission) के अलावा मोदी ने 'विकसित भारत संकल्प यात्रा' सहित कई योजनाएं भी शुरू कीं जिनका उद्देश्य उन लोगों तक पहुंचना है जो विभिन्न केंद्रीय योजनाओं के लिए पात्र हैं लेकिन अब तक लाभान्वित नहीं हुए हैं। उन्होंने राष्ट्र के विकास के लिए चार स्तंभों- महिलाओं, किसानों, युवाओं और मध्यम वर्ग एवं गरीबों के सशक्तीकरण की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

                    'विकसित भारत संकल्प यात्रा' के बारे में उन्होंने कहा कि यह आज से शुरू होकर अगले साल 26 जनवरी तक चलेगी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस यात्रा में सरकार मिशन मोड पर देश के हर गांव में जाएगी और हर गरीब एवं वंचित व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभार्थी बनाएगी। पीएम मोदी ने 2018 के ग्राम स्वराज अभियान को याद किया जहां सात प्रमुख सरकारी योजनाओं के बारे में जागरुकता पैदा करने के लिए 1,000 सरकारी अधिकारियों को गांवों में भेजा गया था और विश्वास जताया कि यह यात्रा भी उतनी ही सफल होगी।

                      NOVEMBER 16, 2023 / 1:04 PM IST

                      Rajasthan Assembly Elections 2023 Live: राजस्थान के करणपुर में चुनाव स्थगित

                      राजस्थान के गंगानगर जिले के करणपुर विधानसभा क्षेत्र में 25 नवंबर को मतदान नहीं होगा। दरअसल, करणपुर से कांग्रेस उम्मीदवार गुरमीत सिंह कुन्नर का दिल्ली एम्स में इलाज के दौरान बुधवार को निधन हो गया। उनके निधन के बाद चुनाव आयोग ने इस सीट पर मतदान स्थगित कर दिया है। यानी अब 25 नवंबर को राजस्थान की 200 विधानसभा सीटों में से सिर्फ 199 सीटों पर ही मतदान होगा। कुन्नर राजस्थान की करणपुर सीट से कांग्रेस विधायक थे। पार्टी ने इस विधानसभा चुनाव में भी उन्हें उम्मीदवार बनाया था। राज्य में 25 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।

                        NOVEMBER 16, 2023 / 12:38 PM IST

                        Rajasthan Assembly Elections 2023 Live: 'राजस्थान संकल्प पत्र' में BJP का प्रमुख वादा

                        नड्डा ने कहा कि गेंहू की उपज को प्रति क्विंटल 2,700 रुपये में खरीदा जाएगा और ये एमएसपी के ऊपर बोनस दिया जाएगा। इसके अलावा हर ​एक जिले में महिला थाना खोला जाएगा और हर थाने में महिला डेस्क होगी। हर सिटी में एंटी रोमियो स्क्वाड बनाया जाएगा। वहीं, महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए 'लाडो प्रोत्साहन योजना' शुरू की जाएगी। जिसमें बीजेपी सरकार नवजात बच्चियों को 2 लाख का सेविंग बांड देगी।

                        'राजस्थान संकल्प पत्र' में कहा गया है कि उज्ज्वला धारक को हम 450 प्रति सिलेंडर सब्सिडी देंगे। जबकि मातृत्व वंदना योजना के तहत महिलाओं को दिए जा रहे 5,000 रुपये को बढ़ाकर 8,000 किया जाएगा। इसके अलावा बीजेपी प्रमुख ने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से हम कॉर्पस फंड 2 हजार करोड़ का बनाएंगे। पर्यटन को कैसे बढ़ावा दिया जा सकता है, पर्यटन से 5 लाख युवाओं को रोजगार मिल सके, इस पर काम किया जाएगा।

                          NOVEMBER 16, 2023 / 11:52 AM IST

                          MP Assembly Elections 2023 Live: मध्य प्रदेश में 2,049 मतदान केंद्रों पर होगा मतदान

                          मध्य प्रदेश में कम से कम 5,60,60,925 मतदाता हैं। इनमें से 2,88,25,607 पुरुष, 2,72,33,945 महिलाएं और 1,373 थर्ड जेंडर के मतदाता हैं। एमपी में एक चरण में शुक्रवार 17 नवंबर को मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक राज्य के 2,049 मतदान केंद्रों पर चलेगा। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, उनकी पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने-अपने उम्मीदवारों के लिए मतदाताओं को लुभाने के लिए आखिरी मिनट तक प्रयास किए। प्रचार के आखिरी दिन समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी रैलियों को संबोधित किया।

                          मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीन चुनावी सभाओं को संबोधित किया और इंदौर में एक रोड शो किया। केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के मुख्य रणनीतिकार अमित शाह ने भी मंगलवार को जबलपुर में इतनी ही संख्या में सभाओं को संबोधित किया और रोड शो किया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अन्य ने भी मंगलवार को अपने उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया। चुनाव प्रचार में प्रधानमंत्री मोदी, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, एमपी के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित अन्य लोगों ने राज्य का दौरा किया। सभी 230 सीटों पर भगवा पार्टी के उम्मीदवारों के लिए समर्थन जुटाने के लिए चुनावी सभाओं को संबोधित किया।

                            NOVEMBER 16, 2023 / 11:34 AM IST

                            Rajasthan Assembly elections 2023 LIVE: कांग्रेस का एक्शन, 49 बागी नेता पार्टी से बाहर

                            राजस्थान में कांग्रेस ने बागी नेताओं पर बड़ी कार्रवाई की है। 49 नेताओं को पार्टी से 6 साल के लिए बाहर कर दिया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राजस्थान के प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने इन सभी नेताओं को कुछ दिन पहले अंतिम मौका दिया था। ताकि वे अपना नामांकन वापस ले सके। लेकिन बागियों ने ऐसा नहीं किया इसके बाद पार्टी ने यह सख्त कदम उठाया हैं।

                              NOVEMBER 16, 2023 / 11:19 AM IST

                              Rajasthan Assembly elections 2023 LIVE: कांग्रेस सिर्फ झूठ बोलने का काम करती है - जयराम ठाकुर

                              राजस्थान में चुनाव प्रचार करने पहुंचे हिमाचल प्रदेश के पूर्व सीएम और बीजेपी नेता जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के पास झूठ बोलने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। कांग्रेस पार्टी जिस गारंटी की बात कर रहे हैं। उन्होंने एक साल पहले हिमाचल प्रदेश में इसका वादा किया था। उन्होंने 10 गारंटी दी थी। अभी तक एक भी गारंटी लागू नहीं की गई है। राजस्थान में उन्होंने 10 दिन के भीतर किसानों का कर्ज माफ करने का वादा किया था। लेकिन सच्चाई यह है कि करीब 1000 किसानों की जमीनें जब्त कर ली गईं। उसके कारण दर्जनों किसानों ने आत्महत्या कर ली।

                                NOVEMBER 16, 2023 / 10:15 AM IST

                                Chhattisgarh Assembly Elections 2023 LIVE: दूसरे चरण में 958 उम्मीदवार

                                छत्तीसगढ़ चुनाव के दूसरे चरण में कुल 958 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। राज्य की कुल 90 विधानसभा सीटों में से 20 सीटों के लिए 7 नवंबर को मतदान हुआ था। जबकि बाकी 70 सीटों पर दूसरे चरण में 17 नवंबर को वोटिंग होगी। वोटों की गिनती 3 दिसंबर को की जाएगी।

                                  NOVEMBER 16, 2023 / 9:47 AM IST

                                  MP Assembly Elections 2023 Live: 5.6 करोड़ वोटर चुनेंगे नई सरकार

                                  मध्य प्रदेश की 230 सीटों पर कुल मतदाताओं की संख्या करीब 5.6 करोड़ है। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 2.88 करोड़ है। जबकि महिला मतदाता 2.72 करोड़ हैं। इस बार सबसे खास बात ये है कि प्रदेश में कुल 22.36 लाख युवा पहली बार मतदान करेंगे। सूबे में 2,533 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

                                    NOVEMBER 16, 2023 / 9:44 AM IST

                                    नमस्कार

                                    मनीकंट्रोल हिंदी के Live ब्लॉग में आपका स्वागत है।