Telangana Elections 2023: BJP ने जारी की प्रत्याशियों की पहली लिस्ट, टी राजा और 3 सांसदों को मिला टिकट

Telangana Elections 2023: भारतीय जनता पार्टी ने तेलंगाना के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी ने अपने मौजूदा विधायक राजा सिंह का निलंबन रद्द कर उन्हें गोसामहल से टिकट दिया है। इसके अलावा तीन बीजेपी सांसदों को भी चुनावी मैदान में उतारा गया है। पहली लिस्ट में कुल 52 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया है

अपडेटेड Oct 22, 2023 पर 2:00 PM
Telangana Elections 2023: भारतीय जनता पार्टी की पहली लिस्ट में 12 महिलाओं को टिकट दिया गया है।

Telangana Elections 2023: भारतीय जनता पार्टी ने तेलंगाना विधानसभा चुनाव 2023 के लिए उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी ने कुल 52 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया है। इस लिस्ट में 3 सांसदों के नाम भी शामिल हैं। जबकि 12 महिलाओं को भी चुनावी मैदान में उतारा गया है। टी राजा सिंह को बीजेपी ने गोशमहल से टिकट दिया है। पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की वजह से अगस्त में निलंबित हुए थे। करीमनगर से बंदी संजय कुमार को टिकट दिया गया है। इसके अलावा एटाला राजेंदर हुजूराबाद से चुनाव लड़ेंगे।

BJP ने कोर्टला सीट से सांसद धर्मपुरी अरविंद को टिकट दिया है जबकि बोथ सीट से सोयम बापू राव को उम्मीदवार बनाया गया है। यह शेड्यूल्ड कास्ट के लिए रिजर्व सीट रही है। बेलपाली से अमराजुला श्रीदेवी को टिकट दिया गया है, जबकि जुकल विधानसभा से टी अरुण तारा उम्मीदवार बनी हैं।


तेलंगाना के आईटी मंत्री और सीएम केसीआर के बेटे केटीआर के खिलाफ सिरसिला सीट से बीजेपी ने रानी रुद्रमा रेड्डी को उम्मीदवार बनाया है। बालकोंडा विधानसभा सीट से अन्नपूर्णमा एलेटी को उम्मीदवार बनाया गया है। जागतियल सीट से डॉक्टर बोगा श्रावणी को टिकट मिला है। रामागुंडम से कंडोला संध्या रानी को उम्मीदवार बनाया गया है। चोपाडांगी से बोडिगा शोभा को टिकट मिला है जबकि सिरसिला से रानी रूद्रमा रेडी को उम्मीदवार बनाया गया है। चारमीनार से मेघा रानी, नागार्जुन सागर से कनकनला निवेदिता रेड्डी को टिकट मिला है। इसी तरह से दोरनाकाल से भूक्या संगीता को उम्मीदवार बनाया गया है जबकि वारंगल पश्चिम से राव पद्मा को उम्मीदवार बनाया गया है।  भुपालपाली विधानसभा सीट से चंदूपटला कीर्ति रेड्डी को टिकट मिला है।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री की सीट पर 92% ग्रामीण वोटर्स, ऐसा है वोट का गणित

लिस्ट जारी होने से कुछ देर पहले टी राजा सिंह का निलंबन खत्म

खास बात यह है कि तेलंगाना में प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी होने से पहले पहले बीजेपी ने सूबे के अपने तेज तर्रार विधायक टी राजा सिंह का निलंबन खत्म कर दिया। सिंह को पिछले साल अगस्त में पार्टी से निलंबित किया गया था। तेलंगाना में एक ही चरण में चुनाव होंगे। चुनाव के नतीजे 3 दिसंबर को आएंगे। पिछली बार 2018 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने तेलंगाना में 119 में से 108 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। इनमें सिर्फ टी राजा सिंह जीत पाए थे। वे गोशामहल सीट से जीतकर विधानसभा पहुंचे थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।