पति की लंबी उम्र के लिए आज (20 अक्टूबर 2024) महिलाएं करवा चौथ का व्रत रख रही हैं। सुहागन महिलाएं पूरे दिन निर्जल व्रत रहती हैं। शाम को सौलह श्रंगार से सजने के बाद महिलाएं सबसे पहले गणेश जी की फिर चौथ माता की पूजा करेंगी। इसके बाद चंद्रमा के दर्शन कर के अर्घ्य दिया जाएगा। फिर पति के हाथ से पानी पीकर व्रत खोला जाएगा। इस व्रत से महिलाओं की भी उम्र बढ़ती है। वैदिक पंचांग के अनुसार, प्रत्येक वर्ष कार्तिक मास की कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि के दिन करवा चौथ व्रत का पालन किया जाता है। इस बार करवा चौथ पर कई शुभ संयोग बन रहे हैं। जिससे व्रत का महत्व और भी बढ़ गया है।
हिंदू धर्म में इस व्रत का विशेष महत्व है। आज शाम 7 से रात तकरीबन 9 बजे तक देशभर में चंद्रमा दिख जाएगा। जो कि पूर्व-उत्तर दिशा के बीच नजर आएगा। विद्वानों का कहना है कि मौसम की गड़बड़ी की वजह से कभी चंद्रमा न दिखे तो शहर के मुताबिक चंद्र दर्शन के समय पर पूर्व-उत्तर दिशा में चंद्रमा को अर्घ्य देकर व्रत पूरा किया जा सकता है।
रोहिणी नक्षत्र में होगा चंद्र दर्शन, बन रहे हैं शुभ योग
इस बार करवा चौथ पर ग्रहों की खास स्थिति से 5 शुभ योग बन रहे हैं। चंद्रमा अपनी उच्च राशि और रोहिणी नक्षत्र में बृहस्पति के साथ है। जिससे गजकेसरी राजयोग बन रहा है। इन योग के प्रभाव से व्रत और पूजा का शुभ फल और बढ़ जाएगा। चंद्रोदय के समय पर रोहिणी नक्षत्र आ जाएगा। रोहिणी नक्षत्र के स्वामी चंद्रमा है। जिस कारण इस त्योहार का महत्व कई गुना अधिक बढ़ गया है। यानी रोहिणी नक्षत्र दांपत्य जीवन में मिठास और सौंदर्यता में निखार लाता है। इस दिन सूर्य और बुध दोनों ही ग्रह शुक्र की राशि तुला में हैं। इसके साथ ही बुधादित्य, पारिजात, शश और लक्ष्मी योग भी बन रहा है। ऐसे में बुधादित्य योग का निर्माण हो रहा है।
जानकारों का कहना है कि शुक्र के वृश्चिक राशि में आने से गुरु के साथ मिलकर समसप्तक योग बन रहा है। इसके अलावा शनि अपनी राशि कुंभ में रहकर शश राजयोग का निर्माण कर रहे हैं। चंद्रमा वृषभ राशि में गुरु के साथ युति करके गजकेसरी राजयोग बना रहे हैं। इन मंगलकारी संयोगों के कारण सुहागिन महिलाओं को दीर्घायु, यश, वैभव, संपन्नता, सौंदर्यता और दांपत्य जीवन में मिठास की कृपा मिलेगी।
साल में 12 चतुर्थी व्रत, लेकिन कार्तिक महीने की करवा चौथ खास
साल में 12 चतुर्थी व्रत होती हैं। हर महीने पति की लंबी उम्र के लिए चौथ व्रत में गणेश पूजा और चंद्रमा को अर्घ्य दिया जाता है। लेकिन कार्तिक महीने में आने वाली ये चतुर्थी बेहद खास है। इस व्रत का जिक्र वामन, नारद, पद्म सहित कई पुराणों में है। इनके मुताबिक समृद्धि और सौभाग्य के लिए किए जाने वाले इस करवा चौथ व्रत से पति-पत्नी, दोनों की उम्र भी बढ़ती है।