हिंदू धर्म में पौष मास का विशेष महत्व होता है और इस दौरान कई प्रमुख त्योहार मनाए जाते हैं। जिनमें लोहड़ी भी एक है। यह हर साल मकर संक्रांति से एक दिन पहले मनाई जाती है, जब सूर्य धनु से मकर राशि में प्रवेश करते हैं। खासकर उत्तर भारत में पंजाब और हरियाणा में इस दिन धूमधाम से लोहड़ी मनाई जाती है। यह त्योहार फसल की कटाई और नई फसल के पकने की खुशी में मनाया जाता है। लोहड़ी पर लोग अलाव जलाकर उसके चारों ओर इकट्ठा होते हैं और नाच-गाना करते हैं। अलाव में रेवड़ी, मूंगफली, खील, गुड़ और गेहूं की बालियां चढ़ाकर अग्नि देव की पूजा की जाती है, ताकि घर में सुख-शांति और समृद्धि आए।
