Mahakumbh 2025 Highlight: महाकुंभ मेला 2025 का आयोजन 13 जनवरी से 26 फरवरी तक प्रयागराज में हो रहा है। यह आयोजन दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक माना जाता है। इसमें लाखों श्रद्धालु संगम पर पवित्र स्नान के लिए आते हैं। 13 जनवरी को पौष पूर्णिमा से पहला पवित्र स्नान शुरू गया है। अब तक 1 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु संगम में डुबकी लगा चुके हैं। पहला शाही स्नान कल यानी यानी 14 (मकर संक्रांति) को होगा। इसके बाद 29 जनवरी (मौनी अमावस्या), 3 फरवरी (बसंत पंचमी), 12 फरवरी (माघी पूर्णिमा) और 26 फरवरी (महाशिवरात्रि) को होगा। इन तिथियों को विशेष पुण्य प्राप्ति के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है।
इस दौरान विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें प्रमुख है 27 जनवरी को धर्म संसद, जिसमें देशभर के प्रमुख साधु-संत शामिल होंगे।उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने श्रद्धालुओं को मेला क्षेत्र तक पहुँचने में आसानी के लिए 7,000 ग्रामीण बसों और 350 शटल बसों का संचालन किया है। महाकुंभ 2025 केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि एक विशाल सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संगम है, जो दुनिया भर से श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है।