अदाणी ग्रुप ने चालू वित्त वर्ष 2024-25 में अपनी कंपनियों में करीब 1.3 लाख करोड़ रुपये निवेश करने की योजना बनाई है। ग्रुप के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) जुगेशिंदर ‘रॉबी’ सिंह ने मंगलवार को कहा कि ग्रुप ने कारोबार बढ़ाने के लिए अगले सात से 10 साल में 100 अरब डॉलर के निवेश अनुमान को दोगुना कर दिया है। उन्होंने कहा कि ग्रुप की पोर्ट से लेकर एनर्जी, एयरपोर्ट, कमोडिटी, सीमेंट और मीडिया क्षेत्रों में कार्यरत कंपनियों में कुल निवेश का 70 फीसदी इंटरनल कैश जनरेशन से किया जाएगा और शेष राशि कर्ज के जरिये जुटाई जाएगी।
Adani Group कैसे जुटाएगा फंड?
सिंह ने कहा कि ग्रुप इस वर्ष मेच्योर होने वाले तीन से चार अरब डॉलर के कर्ज का रिफाइनेंस करने और प्रोजेक्ट फाइनेंसिंग के लिए अतिरिक्त एक अरब डॉलर जुटाने पर विचार करेगा। उन्होंने कहा कि नए निवेशकों को लाकर वार्षिक दो से ढाई अरब डॉलर का इक्विटी निवेश भी जारी रहने की संभावना है। उन्होंने कहा, "इस वर्ष एसेट निर्माण कार्य पूरा करने पर अधिक ध्यान दिया जाएगा।" रिन्यूएबल एनर्जी फर्म अदाणी ग्रीन 6-7 गीगावाट की परियोजना पूरी करेगी, जबकि सोलर वेफर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट बड़े पैमाने पर काम करेगी। साथ ही मुंबई में नए एयरपोर्ट का काम भी पूरा हो जाएगा।
क्या है Adani Group का प्लान
वित्त वर्ष 2024-25 (अप्रैल 2024 से मार्च 2025) के लिए अनुमानित कैपिटल एक्सपेंडिचर वित्त वर्ष 2023-24 में खंड पर होने वाले अनुमानित व्यय से 40 फीसदी अधिक है। ग्रुप ने इससे पहले अगले सात से 10 साल में 100 अरब डॉलर के निवेश का अनुमान जताया था। इसमें से ज्यादातर निवेश ग्रुप के तेजी से बढ़ते रिन्यूएबल, ग्रीन हाइड्रोजन और एयरपोर्ट तथा इन्फ्रॉस्ट्रक्चर में किया जाना है।
सिंह ने बताया कि अदाणी ग्रुप की कंपनियों के प्री-टैक्स प्रॉफिट में वित्त वर्ष 2023-24 में रिकॉर्ड 45 फीसदी की वृद्धि हुई है और यह 82,917 करोड़ रुपये (करीब 10 अरब अमेरिकी डॉलर) पर पहुंच गया है। अदाणी ग्रुप आगामी नवी मुंबई एयरपोर्ट और 14 घरेलू बंदरगाहों सहित आठ एयरपोर्ट्स के खंड के साथ इन क्षेत्रों में अपनी उपस्थिति को और मजबूत करना चाहता है।