Adani Group : अदाणी ग्रुप ने एक अप्रैल से शुरू होने वाले अगले वित्त वर्ष में अपने कारोबार में 1.2 लाख करोड़ रुपये (लगभग 14 अरब अमेरिकी डॉलर) से अधिक का निवेश करने की योजना बनाई है। ग्रुप यह निवेश पोर्ट्स, एनर्जी, एयरपोर्ट, कमोडिटी, सीमेंट और मीडिया सेक्टर तक फैली अपनी कंपनियों में करेगा। सूत्रों ने कहा कि ग्रुप ने अगले 7-10 वर्षों में कारोबार बढ़ाने के लिए अपने निवेश के अनुमान को 100 अरब डॉलर से बढ़ाकर दोगुना कर दिया है। वित्त वर्ष 2024-25 के लिए अनुमानित कैपिटल एक्सपेंडिचर इससे पिछले वित्त वर्ष के मुकाबले 40 परसेंट अधिक है।
एनालिस्ट्स के अनुसार 31 मार्च को समाप्त होने वाले वित्त वर्ष 2023-24 में कैपिटल एक्सपेंडिचर लगभग 10 अरब डॉलर का होने का अनुमान है। सूत्रों ने कहा कि इस निवेश से मुनाफा तेजी से बढ़ाने में मदद मिलेगी। समूह ने पहले कहा था कि अगले 7-10 वर्षों में 100 अरब डॉलर का कैपिटल एक्सपेंडिचर किया जा सकता है। इस निवेश का अधिकांश भाग ग्रुप के तेजी से बढ़ते बिजनेस जैसे रिन्यूएबल एनर्जी, ग्रीन हाइड्रोजन और एयरपोर्ट्स में किया जाना है।
किस बिजनेस में कितना होगा निवेश?
कैपिटल एक्सपेंडिचर का ज्यादातर हिस्सा ग्रीन एनर्जी के लिए होगा। इसके अलावा हवाई अड्डों और पोर्ट बिजनेस पर खर्च किया जाएगा। कैपेक्स का लगभग 70 फीसदी इसके ग्रीन पोर्टफोलियो में जाएगा, जिसमें मुख्य रूप से रिन्यूएबल एनर्जी, ग्रीन हाइड्रोजन शामिल हैं। इसके अलावा, शेष 30 फीसदी में से अधिकांश एयरपोर्ट्स और पोर्ट बिजनेस पर खर्च किया जाएगा। फरवरी में जारी एक मीडिया बयान में ग्रुप ने कहा कि मजबूत ग्रोथ और मजबूत क्रेडिट प्रोफाइल से बढ़ते कैश फ्लो ने ग्रीन इनवेस्टमेंट के लिए प्लेटफॉर्म तैयार किया है।
अदाणी ग्रुप गुजरात के खावड़ा में दुनिया का सबसे बड़ा रिन्यूएबल पार्क बना रहा है, जो 530 वर्ग किलोमीटर में फैला है। यह क्षेत्र पेरिस शहर के आकार का पांच गुना है। कुल निवेश का एक बड़ा हिस्सा तेजी से बढ़ते एयरपोर्ट्स और पोर्ट्स के कारोबार के विस्तार और विकास के लिए रखा गया है।