अदाणी ग्रुप (Adani Group) का कर्ज पिछले एक साल में करीब 21 फीसदी बढ़ा है। वहीं इस कर्ज में ग्लोबल बैंकों की हिस्सेदारी बढ़कर एक तिहाई के पास पहुंच गई है। ब्लूमबर्ग ने अदाणी ग्रुप की वित्तीय सेहत से जुड़ी एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी है। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि मार्च तिमाही के अंत में अदाणी ग्रुप ने अपना करीब 29 फीसदी कर्ज ग्लोबल इंटरनेशनल बैंकों से लिया है। यह जानकारी इसलिए अहम है क्योंकि 7 साल पहले अदाणी ग्रुप को कर्ज देने वालों की सूची में ये ग्लोबल इंटरनेशनल बैंक शामिल नहीं थे। हालांकि कर्ज में बढ़ोतरी के बावजूद आंकड़े यह भी बताते हैं इस दौरान अदाणी ग्रुप की कर्ज चुकाने की क्षमता भी बेहतर हुई है।