Adani Group : अमेरिकी शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद भले ही अदाणी ग्रुप को भारी नुकसान उठाना पड़ा हो लेकिन कंपनी वापसी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। अदाणी ग्रुप अब EdgeConneX के साथ ज्वाइंट वेंचर बनाकर लोन के लिए आधा दर्जन बैंकों के साथ बातचीत कर रहा है। इसके तहत कंपनी 22 करोड़ डॉलर यानी लगभग 1800 करोड़ रुपये से ज्यादा का कर्ज जुटाने की तैयारी में है। बता दें कि 24 जनवरी को हिंडनबर्ग रिपोर्ट के जारी होने के बाद यह कंपनी का पहला ऑफशोर लोन होगा।
सूत्रों के मुताबिक डेटा सेंटर प्रोवाइडर AdaniConneX प्राइवेट लिमिटेड इस फंड का इस्तेमाल कैपिटल एक्सपेंडिचर के लिए करेगी। सूत्रों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि अगले कुछ हफ्तों में लोन पर हस्ताक्षर किए जा सकते हैं। हालांकि, अदाणी ग्रुप ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
अमेरिकी शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग ने अदाणी ग्रुप की कंपनियों पर स्टॉक मैनिपुलेशन और अकाउंटिंग फ्रॉड का आरोप लगाया था। हालांकि अदाणी ग्रुप ने इन सभी आरोपों का खंडन किया है, लेकिन शेयरों में बिकवाली अब भी जारी है। इस मामले पर जाच के लिए सुप्रीम कोर्ट ने एक कमेटी गठित की है। वहीं, सेबी भी जांच कर रहा है।
अदाणी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड ने जनवरी में बॉन्ड की पहली पब्लिक सेल के रूप में 10 अरब रुपये ($121 मिलियन) जुटाने की योजना को टाल दिया था। ब्लूमबर्ग ने पिछले महीने के अंत में इस मामले से परिचित लोगों का हवाला देते हुए बताया कि अदाणी ग्रुप के अधिकारियों ने इस साल दो किस्तों में 1 अरब डॉलर से अधिक के निजी तौर पर रखे गए बांडों को बाजार में लाने की योजना के तहत अमेरिकी निवेशकों से मुलाकात की है।