टाटा ग्रुप की एयरलाइन एयर इंडिया (Air India) ने इस साल एयरबस (Airbus) को दिए गए 250 एयरक्राफ्ट के ऑर्डर में बदलाव किया है। इसके तहत अब A321neo एयरक्राफ्ट की संख्या अधिक होगी। एयरबस के साथ 250 एयरक्राफ्ट के ऑर्डर के तहत एयरलाइन को 210 नैरोबॉडी A320 एयरक्राफ्ट का अधिग्रहण करना था। इसमें 140 A320neo और 70 A321neo शामिल थे। शेष 40 वाइडबॉडी A350s एयरक्राफ्ट थे, जिसमें छह A350-900 और 34 A350-1000 शामिल थे।
ऑर्डर में किए गए ये बदलाव
सूत्र ने कहा कि एयर इंडिया ने एयरबस के साथ ऑर्डर में बदलाव किया है और अब 140 A321neo और 70 A320neo का अधिग्रहण करेगी। साथ ही 40 A350 के ऑर्डर में भी बदलाव किया है। सूत्र ने कहा, छह A350-900 और 34 A350-1000 के पहले के ऑर्डर के मुकाबले, एयर इंडिया ने इसे 20 A350-900 और 20 A350-1000 में बदल दिया है।
एयर इंडिया के प्रवक्ता का बयान
इस बारे में पूछे जाने पर एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा, "हम बिजनेस जरूरतों और अवसरों के आधार पर नियमित रूप से अपनी ऑर्डरबुक का रिव्यू करते हैं।" इस बारे में एयरबस ने कहा, "यह हमारे ग्राहकों पर निर्भर है कि वे अपनी रणनीति का खुलासा करें।" टाटा ग्रुप ने जनवरी 2022 में घाटे में चल रही एयर इंडिया का अधिग्रहण किया था। बता दें कि एयर इंडिया ने इस साल एयरबस और बोइंग को 470 एयरक्राफ्ट का ऑर्डर दिया था। यह ऑर्डर 70 अरब डॉलर का था।