अमेरिका में महंगाई के आंकड़े सामने आने के बाद शेयर मार्केट ढह गया। इसके चलते अमेरिकी अमीरों की पूंजी में बेतहाशा गिरावट हुई। अमेजन (Amazon) के फाउंडर जेफ बेजॉस (Jeff Bezos) को एक ही दिन में 980 करोड़ डॉलर (80 हजार करोड़ रुपये) का घाटा झेलना पड़ा तो दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलॉन मस्क (Elon Musk) की दौलत 840 करोड़ डॉलर (70 हजार करोड़ रुपये) घट गई।
बेजॉस दुनिया की सबसे बड़ी ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन के फाउंडर हैं। इसके अलावा वह स्पेस एक्स्प्लोरेशन कंपनी ब्लू ओरिजिन के भी मालिक हैं। वहीं मस्क इलेक्ट्रिक व्हीकल और होम सोलर बैटरी बनाने वाली कंपनी टेस्ला (Tesla) के सीईओ हैं। मस्क स्पेसएक्स के भी सीईओ हैं और ट्विटर में भी हिस्सेदारी है। ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स दुनिया भर के अरबपतियों की पूंजी को डेली ट्रैक करता है और इसमें टॉप 25 अमीरों में 17 अमेरिका से हैं। इन सभी अमेरिकियों की पूंजी में गिरावट हुई है।
अन्य अमीरों की भी स्थिति नहीं है बेहतर
मेटा (पूर्व नाम फेसबुक) के सीईओ मार्क जुकरबर्ग ( Mark Zuckerberg), गूगल के फाउंडर सर्जी ब्रिन (Sergey Brin) और लैरी पेज (Larry Page), माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) के पूर्व सीईओ स्टीव बॉमर की भी स्थिति सही नहीं है और इनमें से हर एक की पूंजी 400 करोड़ डॉलर से अधिक गिर गई। वॉरेन बफेट (Warren Buffett) की दौलत 340 करोड़ डॉलर और माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स (Bill Gates) की 280 करोड़ डॉलर घट गई।
अमेरिका में उपभोक्ता मूल्य सूचकांक बढ़ा 0.1 फीसदी
कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (CPI) पर आधारित महंगाई दर अगस्त में जुलाई की तुलना में 0.1 फीसदी बढ़ी है। जुलाई में कोई बदलाव नहीं हुआ था। पिछले महीने पेट्रोल की कीमतों में 10.6% की गिरावट से अमेरिकी लोगों को कुछ राहत मिली, लेकिन खाना, किराया, स्वास्थ्य सेवा, बिजली और नेचुरल गैस की कीमतों में कोई राहत देखने को नहीं मिली। अगस्त में फूड प्राइस में 0.8 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।
अमेरिका के तीनों बड़े इंडेक्स ढहे
अगस्त के ये आंकड़े आने के बाद अमेरिकी शेयर मार्केट के तीनों बड़े इंडेक्स करीब 5 फीसदी तक टूट गए। यह जून 2020 के बाद एक ही दिन में सबसे बड़ी गिरावट रही। डाऊ (Dow) में 1300 अंकों, एसएंडपी (S&P) में 4.3 फीसदी और नास्डाक (Nasdaq) में 5.16 फीसदी की गिरावट रही।