एपल (Apple) ने कर्मचारियों को जहरीला खाना देने के मामले में अपने सप्लायर फॉक्सकॉन (Foxconn)के तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में स्थित प्लांट को निगरानी में डाला है। एपल ने कहा कि उसने और फॉक्सकॉन दोनों ने अपनी जांच में पाया कि कर्मचारियों के रहने वाले डॉर्मिटरी रूम और खाने के लिए इस्तेमाल होने डाइनिंग रूम जरूरी मानकों को पूरा नहीं करते थे।
एपल ने यह कदम इस महीने की शुरुआत में कर्मचारियों को बड़े पैमाने पर विषाक्त भोजन दिए जाने की घटना के सामने आने के बाद उठाया है, जिसे खाकर करीब 250 महिला कर्मचारी बीमार पड़ गई थी। इसके बाद से कर्मचारी फॉक्सकॉन प्लांट में लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसके चलते प्लांट में कामकाज बंद है।
इस बीच फॉक्सकॉन टेक्नोलॉजी ग्रुप ने भी बुधवार को कहा कि वह तमिलनाडु के श्रीपेरुंबुदूर प्लांट की घटना को देखते हुए अपने लोकल मैनेजमेंट टीम को बदकर नए सिरे से गठित करेगी। फॉक्सकॉन ने साथ ही यह भी कहा कि सभी कर्मचारियों को भुगतान पहले की तरह जारी रहेगा और कामकाज को फिर से शुरू करने से पहले जरूरी सुधार किए जा रहे हैं।
कंपनी ने कहा कि कर्मचारियों के काम पर लौटने के बाद वह उन्हें मदद और समर्थन देना जारी रखेगी। फॉक्सकॉन टेक्नोलॉजी ग्रुप ने एक बयान में कहा, "हम अपने लोकल मैनेजमेंट टीम और अपने मैनेजमेंट सिस्टम का पुनर्गठन कर रहे हैं, ताकि कर्मचारियों की सुरक्षा से जुड़े जरूरी उच्च मानकों को सुनिश्चित किया जा सके।"
Apple ने भी अपने बयान में कहा कि उसने फॉक्सकॉन के श्रीपेरंबदूर प्लांट को निगरानी में रखा है और कंपनी यह सुनिश्चित करेगी कि प्लांट में दोबारा काम शुरू होने से पहले सख्त मानकों को पूरा किया जाए। Apple के प्रवक्ता ने एक ईमेल में कहा, "हम हालात की बारीकी से निगरानी जारी रखेंगे।"