सरकार बजट में एक्सपोर्टर्स के लिए खास स्कीम NIRVIK लागू करने का ऐलान कर सकती है। सीएनबीसी-आवाज़ को मिली एक्सक्वलूसिव जानकारी के मुताबिक इस स्कीम के तहत एक्सपोर्टर्स को सस्ते और आसान शर्तों पर कर्ज देने का रास्ता साफ किया जाएगा। NIRVIK यानि निर्यात ऋण विकास योजना में इंश्योरेंस प्रीमियम पर सब्सिडी देने का भी प्रावधान होगा। इस योजना के तहत इंश्योरेंस कवर सीमा 60 फीसदी से बढ़ाकर 90 फीसदी हो सकती है। अभी ECIS यानी Export Credit Insurance Scheme के तहत 60 फीसदी तक इंश्योरेंस कवर मिलता है। रुपए में मिलने वाला एक्सपोर्ट क्रेडिट रेट 8 फीसदी से नीचे रहेगा। इस स्कीम में प्री-शिपमेंट और पोस्ट शिपमेंट दोनों का बीमा कवर होगा। पेमेंट डिफॉल्ट होने पर बीमा की रकम जल्द मिलेगी। बता दें कि सितंबर में उद्योग मंत्री ने स्कीम लाने का ऐलान किया था। अभी तक ये स्कीम लागू नहीं हो पाई है। 1 फरवरी को आने वाले बजट में इस स्कीम को लागू करने का फैसला हो सकता है।
