Budget 2023 : अगले यूनियन बजट में रेल यात्रियों को बड़ी सौगत मिल सकती है। सरकार तेज रफ्तार वाली ट्रेनों की संख्या बढ़ाना चाहती है। यूनियन बजट 2023 में इसका ऐलान हो सकता है। पहले से कई रूट्स पर वंदे भारत एक्सप्रेस (Vande Bharat Express) ट्रेनें चलाई जा रही हैं। बजट में सरकार कई नए रूटों पर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का ऐलान कर सकती है। अगले बजट में रेलवे के लिए आवंटन बढ़ने की भी उम्मीद है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Finance Minister Nirmala Sitharaman) 1 फरवरी, 2023 को बजट पेश करेंगी।
तेज रफ्तार ट्रेनों के लिए रूटों की पहचान हो चुकी है
रेलवे ने ऐसे कई रूट्स की पहचान की है, जिस पर 180 से 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेनें चलाई जा सकती हैं। हाल में रेल मंत्री अश्विणी वैष्णव ने इसके संकेत दिए थे। उन्होंने कई नई वंदे भारत ट्रेनें शुरू करने के बारे में बताया था। रेलवे बोर्ड के अधिकारियों ने वित्त मंत्रालय को अपनी मांगों के बारे में बताया था।
100 नई वंदे भारत ट्रेनों का हो सकता है ऐलान
बजट (Budget 2023) में इस बार कई नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन (Vande Bharat Express Train) चलाने का ऐलान किया जा सकता है। ऐसी चर्चा है कि सरकार देश में 100 नई वंदे भारत ट्रेनों को चलाने का प्रस्ताव रख सकती है। इससे देश के सभी अहम रूट्स पर इस ट्रेन को चलाना संभव हो सकता है।
रेलवे के लिए कितना बढ़ेगा आवंटन
सूत्रों के मुताबिक, रेलवे की तरफ से सरकार से बजट में 30% ज्यादा आवंटन की मांग की गई है। बजट में मुख्य रूप से वंदे भारत ट्रेनों, ट्रैकों के निर्माण, रेलवे के इलेक्ट्रिफिकेशन पर फोकस रहने की उम्मीद है। नए एलोकेशन का इस्तेमाल नए ट्रैक के निर्माण और रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने में किए जाने की उम्मीद है।