बजट 2023: वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण सड़क निर्माण के लिए आवंटन 25 फीसदी बढ़ा सकती हैं। सूत्रों ने मनीकंट्रोल को यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि फाइनेंशियल ईयर 2023-24 के लिए रोड ट्रांसपोर्ट एंड हाइवेज मिनिस्ट्री (MoRTH) के लिए आवंटन 2.5 लाख करोड़ रुपये रह सकता है। यह इस फाइनेंशियल ईयर के आवंटन से करीब 25 फीसदी ज्यादा है। सरकार के एक सीनियर अधिकारी ने कहा कि सरकार अगले वित्त वर्ष के अंत तक 25,000 किलोमीटर हाइवेज निर्माण का टारगेट पूरा करना चाहती है। इसके लिए सरकार को निर्माण कार्य में करीब 30 फीसदी तेजी लानी होगी। इसके लिए आवंटन बढ़ाने की जरूरत पड़ेगी। फाइनेंस मिनिस्टर निर्मला सीतारमण (Nirmala Sihtaraman) 1 फरवरी को यूनियन बजट 2023 पेश करेंगी।
MoRTH के लिए 1.99 लाख करोड़ रुपये का आवंटन
इस फाइनेंशियल ईयर के बजट में MoRTH के लिए 1.99 लाख करोड़ रुपये का आवंटन किया गया था। फाइनेंशियल ईयर 2021-22 में यह आवंटन 1.18 लाख करोड़ रुपये था। इस बारे में MoRTH से पूछे गए सवालों के जवाब नहीं मिले। जमीन अधिग्रहण की बढ़ती लागत और इंटरेस्ट रेट्स में उछाल को देखते हुए MoRTH और NHAI को ज्यादा पैसे की जरूरत है। एक अधिकारी ने बताया, "इस वित्त वर्ष के लिए आवंटित फंड का पूरा इस्तेमाल फरवरी तक हो जाने की उम्मीद है। ऐसे में अगले साल पर्याप्त फंड का इंतजाम करना जरूरी है।"
प्रोजेक्ट्स कॉस्ट 10 फीसदी बढ़ी
उन्होंने बताया कि कोरोना की महामारी शुरू होने के बाद कुछ रोड प्रोजेक्ट्स की लागत करीब 10 फीसदी तक बढ़ गई है। लैंड एक्विजिशन एक्ट में संसोधन और फ्यूल कॉस्ट बढ़ने का असर भी हाइवे प्रोजेक्ट्स पर पड़ा है। इस फाइनेंशियल ईयर में रोड ट्रांसपोर्ट एंड हाइवे मिनिस्ट्री के 11,000 किलोमीटर का निर्माण कार्य पूरे कर लेने की उम्मीद है।
सड़क निर्माण का टारगेट बढ़ा सकती है सरकार
सरकार ने इस फाइनेंशियल ईयर में 13,000 किलोमीटर हाइवे कंस्ट्रक्शन का टारगेट रखा था। लेकिन, मौसम की स्थितियां प्रतिकूल होने से सड़क बनाने की रफ्तार पर असर पड़ा। इसलिए MoRTH और NHAI को अगले फाइनेंशियल ईयर के लिए सड़क निर्माण का 14,000 किलोमीटर का टारगेट रखना पड़ेगा। 25,000 किलोमीटर का टारगेट पूरा करने के लिए यह जरूरी होगा, जिसे सरकार ने फाइनेंशियल ईयर 2022-23 में तय किया था।