Budget 2024 : अगले वित्त वर्ष में सब्सिडी पर होने वाला सरकार का खर्च बढ़ सकता है। वित्तमंत्री Nirmala Sitharaman 1 फरवरी को यूनियन बजट 2024 (Union Budget 2024) पेश करेंगी। वह अगले वित्त वर्ष में सब्सिडी पर होने वाले खर्च का अनुमान बताएंगी। एक्सपर्ट्स का कहना है कि केंद्र सरकार की फ्री-फूड स्कीम (PMGKAY) और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) पर खर्च बढ़ाने से वित्त वर्ष 2024-25 में सब्सिडी पर होने वाला खर्च ज्यादा रहेगा। हर साल कुल सब्सिडी का बड़ा हिस्सा सरकार के फ्री-फूड प्रोग्राम पर खर्च होता है। सरकार किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर किसानों से खाद्यान्न खासकर गेहूं और चावल खरीदती है। यह अनाज आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को मुफ्त या बहुत कम दाम पर दिए जाते हैं। इसके लिए पब्लिक डिस्ट्रिब्यूश सिस्टम (PDS) का इस्तेमाल होता है।
