Economic survey 2024-25: हर साल यूनियन बजट से पहले इकोनॉमिक सर्वे पेश होता है। इसमें पिछले वित्त वर्ष में इकोनॉमी की सेहत के बारे में व्यापक जानकारी होती है। इसे वित्तमंत्रालय तैयार करता है। इस बार भी यूनियन बजट से एक दिन पहले इसे वित्तमंत्री लोकसभा में पेश करेंगी। बजट 23 जुलाई को पेश होगा। ऐसे में इकोनॉमिक सर्वे 22 जुलाई को पेश होने की संभावना है।
सीईओ की निगरानी में तैयार होता है आर्थिक सर्वे
इकोनॉमिक सर्वे (Economic Survey) चीफ इकोनॉमिक एडवायजर की देखरेख में वित्तमंत्रालय में तैयार होता है। इसमें इकोनॉमी की ग्रोथ की संभावनाओं के बारे में विस्तार से बताया जाता है। साथ ही ग्रोथ के रास्ते की बाधाओं का भी उल्लेख होता है। यह भी बताया जाता है कि इकोनॉमी की ग्रोथ तेज करने के लिए किस तरह के कदम उठाए जाने की जरूरत है। अलग-अलग सेक्टर की चुनौतियों और संभावनाओं का भी उल्लेख आर्थिक सर्वे में होता है।
हर सेक्टर के प्रदर्शन के बारे में जानकारी
इकोनॉमिक सर्वे के तीन हिस्से होते हैं। पहला हिस्सा सबसे अहम होता है। इसमें इकोनॉमी से जुड़ी मुख्य बातें शामिल होती हैं। आर्थिक मसलों के बारे में चीफ इकोनॉमिक एडवाइजर की राय भी शामिल होती है। इसमें यह भी बताया जाता है कि इकोनॉमी की सेहत को लेकर सरकार की सोच क्या है। दूसरे हिस्से में अलग-अलग सेक्टर का प्रदर्शन और उससे जुड़े डेटा होते हैं।
रोजगार की स्थिति के बारे में जानकारी
आर्थिक सर्वे के तीसरे हिस्से में राष्ट्रीय आय (National Income), उत्पादन, बेरोजगारी, इनफ्लेशन (Inflation), व्यापार संतुलन, आयात-निर्यात की स्थति सहित अर्थव्यवस्था से जुड़ी दूसरी अहम जानकारियां शामिल होती हैं। पिछले कुछ सालों में आर्थिक सर्वे में इकोनॉमी से अलग उन मसलों को भी शामिल किया गया है, जो देश के लिए काफी अहम है। जलवायु परिवर्तन इसका उदाहरण है।
अंतरिम बजट से पहले पेश नहीं हुआ था आर्थिक सर्वे
इस साल 1 फरवरी को अंतरिम बजट से पहले सरकार ने आर्थिक सर्वे पेश नहीं किया था। इसकी जगह इकोनॉमी के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी गई थी। तब यह माना गया था कि लोकसभा चुनावों के बाद फुल बजट से पहले सरकार आर्थिक सर्वे पेश करेगी। हालांकि, अभी इस बारे में कोई औपचारिक ऐलान नहीं किया गया है। लेकिन, माना जा रहा है कि 22 जुलाई को आर्थिक सर्वे पेश होगा।
पहले बजट का हिस्सा होता था इकोनॉमिक सर्वे
देश का पहला इकोनॉमिक सर्वे 1950-51 के दौरान पेश हुआ था। तब यह बजट का हिस्सा था। 1964 में इसे बजट से अलग कर दिया गया। तब से इसे यूनियन बजट पेश होने के एक दिन पहले पेश किया जाता है।