बजट में अब सिर्फ एक दिन और बाकी है यानि 1 फरवरी को बजट पेश होगा। बजट में वित्त मंत्री के पिटारे से क्या निकलेगा इस पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं। सीएनबीसी-आवाज़ को एक्सक्लूसिव जानकारी मिली है कि इस बार किसानों के लिए वित्त मंत्री मेहरबान हो सकते हैं तो वहीं हेल्थ सेक्टर को और दुरुस्त करने के लिए बजट का आबंटन बढ़ सकता है। बजट में वित्त मंत्री फसल बीमा प्रीमियम और कर्ज पर ब्याज माफी जैसे कदम उठा सकते हैं।
सरकार ने 4 सूत्रीय प्रोग्राम तैयार किया है। कालिया जैसी स्कीम के जरिए किसानों को रकम सीधे उनके खाते में मिलेगी। प्रति किसान परिवार को इस योजना के तहत रबी, खरीफ सीजन की बुआई से पहले 5000 रुपये मिल सकते हैं। बंटाई करने वाले किसानों को भी ये पैसा मिलेगा। फसल बीमा स्कीम पूरी तरह से मुफ्त होगी। किसानों को मुफ्त में बीमा देने की भी योजना है। समय से किस्त चुकाने वालों की ब्याज माफी भी हो सकती है। अभी किसानों को 4 फीसदी ब्याज पर कर्ज मिलता है। इसके अलावा किसानों के फसलों के लिए भावंतर स्कीम पर भी विचार किया जा रहा है।
बजट में इस बार स्वास्थ्य से जुड़ी स्कीमों के लिए भी बड़ी घोषणा हो सकती है। सीएनबीसी-आवाज़ को एक्सक्लूसिव खबर मिली है कि इसके लिए 20 फीसदी तक ज्यादा रकम का आवंटन हो सकता है। प्रधानमंत्री जन आरोग्य स्कीम आवंटन 3 गुना बढ़ सकता है। प्रधानमंत्री जन आरोग्य में 5 लाख का हेल्थ इंश्योरेंस मिल सकता है। नए एम्स के लिए भी बजट आवंटन बढ़ सकता है। वर्तमान मेडिकल कॉलेजों का अपग्रेडेशन भी होगा। पिछले साल स्वास्थ्य बजट 52800 करोड़ रुपये का था। इस साल इस मद में 61000 करोड़ रुपये आवंटित किए जा सकते हैं।