Economic survey 2023: महिलाएं, किसान और आम आदमी सरकार की प्राथमिकता, राष्ट्रपति के अभिभाषण की 11 बड़ी बातें

Budget 2023 : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि देश के 11 करोड़ किसान उनकी सरकार की प्राथमिकता हैं। अब इन्हें सशक्त बनाने की कोशिश की जा रही है। सरकार ने पूरी पारदर्शिता के साथ करोड़ों लोगों को 27 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की धनराशि राशि मुहैया कराई है। भारत कोविड के दौरान करोड़ों लोगों को गरीबी रेखा से नीचे जाने से बचाने में सफल रहा है

अपडेटेड Jan 31, 2023 पर 1:31 PM
Story continues below Advertisement
Economic survey 2023: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि आज दुनिया आतंकवाद के खिलाफ भारत के कड़े रुख को समझती है। यही कारण है कि आज आतंकवाद के मुद्दे पर भारत को दुनिया गंभीरता से सुन रही है

Economic survey 2023 : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बजट पूर्व अभिभाषण में कहा कि देश के 11 करोड़ किसान उनकी सरकार की प्राथमिकता हैं। अब इन्हें सशक्त बनाने की कोशिश की जा रही है। ये छोटे किसान दशकों से सरकार की प्राथमिकता से वंचित रहे हैं। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि सरकार ने पूरी पारदर्शिता के साथ करोड़ों लोगों को 27 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की धनराशि राशि मुहैया कराई है। विश्व बैंक की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि ऐसी योजनाओं और प्रणालियों से भारत करोड़ों लोगों को कोविड के दौरान गरीबी रेखा से नीचे जाने से बचाने में सफल रहा है।

भारत को गंभीरता से लेती है दुनिया

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि आज दुनिया आतंकवाद के खिलाफ भारत के कड़े रुख को समझती है। यही कारण है कि आज आतंकवाद के मुद्दे पर भारत को दुनिया गंभीरता से सुन रही है।


तीन गुना हुआ मेट्रो नेटवर्क

राष्ट्रपति ने कहा कि बीते 8 साल के दौरान देश में मेट्रो नेटवर्क में तीन गुना से अधिक बढ़ोतरी हुई है। आज 27 शहरों में मेट्रो ट्रेन पर काम चल रहा है। देश भर में 100 से ज्यादा नए वाटरवे ट्रासंपोर्ट सेक्टर का कायाकल्प करने में मदद करेंगे।

Union Budget 2023: टैक्स में कमी, PLI को विस्तार, जानिए और क्या हो सकता है एफएम के पिटारे में इस बार

मंदिर और शिक्षा दोनों पर है जोर

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि आज एक तरफ देश में अयोध्या धाम का निर्माण हो रहा है तो दूसरी तरफ आधुनिक संसद भवन भी बन रहा है। एक तरफ हमने केदारनाथ धाम, काशी विश्वनाथ धाम और महाकाल महालोक में खासे निर्माण कार्य किए तो वहीं हर जिले में हमारी सरकार मेडिकल कॉलेज भी बनवा रही है।

छह गुना हुआ डिफेंस एक्सपोर्ट

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि सरकार की कोशिशों के दम पर ही डिफेंस एक्सपोर्ट छह गुना हो गया है। गर्व है कि हमारी सेना में आज INS विक्रांत के रूप में पहला स्वदेशी एयरक्राफ्ट कैरियर भी शामिल हुआ है। मेड इन इंडिया अभियान और आत्मनिर्भर भारत अभियान की सफलता का लाभ देश को मिलना शुरु हो चुका है।

राजपथ अब बना कर्तव्यपथ

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि आज़ादी के अमृतकाल में देश पंच प्राणों की प्रेरणा से आगे बढ़ रहा है। गुलामी के हर निशान, हर मानसिकता से मुक्ति दिलाने के लिए भी सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। जो कभी राजपथ था, वह अब कर्तव्यपथ बन चुका है।

Budget 2023: बजट को लेकर चल रही हैं कई अफवाहें, अगर ये लागू हुईं तो बढ़ जाएंगी टैक्सपेयर्स की मुश्किलें

महिलाओं के लिए किया काम

महिलाओं के संबंध में राष्ट्रपति ने कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान की सफलता आज हम देख रहे हैं। महिलाओं का स्वास्थ्य भी पहले के मुकाबले और बेहतर हुआ है। यह सुनिश्चित किया है कि किसी भी कार्यक्षेत्र में महिलाओं के लिए कोई बंदिश न हो।

5वीं बड़ी अर्थव्यवस्था बना भारत

हम जिस आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर की कामना करते थे, वो देश में बनना शुरू हुआ है। आज भारत में डिजिटल नेटवर्क है, जिससे विकसित देश भी प्रेरणा ले रहे हैं। भ्रष्टाचार से मुक्ति चाहता था देश, उससे मुक्ति मिल रही है। आज देश की पहचान तेज विकास और दूरगामी फैसलों से हो रही है। हम दुनिया की 10वें नंबर की अर्थव्यवस्था से 5वें नंबर पर पहुंच गए हैं। यही वह नींव है, जो आने वाले 25 साल में विकसित भारत के आत्मविश्वास को बुलंद करेगी।

सरकार ने लिए ये निर्णायक फैसले

राष्ट्रपति ने कहा कि मैं लगातार 2 बार स्थिर सरकार चुनने के लिए देशवासियों का आभार प्रकट करती हूं। इस सरकार ने देशहित को सर्वोपरि रखा। सर्जिकल स्ट्राइक से लेकर आतंकवाद पर कठोर प्रयास, एलओसी से लेकर एलएसी तक हर गलत कोशिश को नाकाम किया। आर्टिकल 370 से लेकर तीन तलाक तक सरकार की पहचान निर्णायक फैसले लेने वाली सरकार बनी।

कामकाज में ईमानदारी बढ़ी

आज सरकारी कामों में टेंडर और खरीद के लिए ई-मार्केट प्लेस की व्यवस्था है। इसमें 3 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का ट्रांजैक्शन हुआ। राष्ट्रनिर्माण में ईमानदार योगदान देने वालों को सम्मान दिया जाता है। इनकम टैक्स फाइलिंग में जटिलता खत्म कर देशवासियों का जीवन आसान बनाया गया। कैश लेस से व्यवस्था में पारदर्शिता आई। आज ITR भरने के कुछ दिन के भीतर रिटर्न मिल जाता है। जनधन, आधार, वन नेशन-वन राशन जैसे स्थायी सुधार किए हैं।

गरीबी हटाओ सिर्फ नारा नहीं रहा

द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि गरीबी हटाओ केवल नारा नहीं है, सरकार गरीब की चिंताओं का समाधान कर रही है। उन्हें सशक्त बना रही है। गरीबी का बहुत बड़ा कारण बीमारी होती है। गरीबों के लिए आयुष्मान योजना शुरू की गई। इसके तहत 50 करोड़ से ज्यादा देशवासी मुफ्त इलाज पा रहे हैं। आज देश के 9 हजार जन औषधि केंद्रों में दवाएं दी जा रही है। इससे 20 हजार करोड़ रुपए बचे हैं। गरीबों को इन दोनों योजनाओं से एक लाख करोड़ की मदद मिली है।

आगे भी चलेगी मुफ्त खाद्यान्न योजना

राष्ट्रपति ने कहा कि पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना को हम आगे भी चलाएंगे। ये एक संवेदनशील और गरीब हितैषी सरकार की पहचान है। योजना के तहत गरीबों को मुफ्त अनाज के लिए साढ़े तीन लाख करोड़ खर्च कर चुकी है। आज इस योजना की प्रशंसा पूरे विश्व में हो रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।