Rail Budget 2023: वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को पेश होने वाले बजट में रेलवे के लिए बड़े ऐलान कर सकती हैं। CNBC AWAAZ की एक्सक्लूसिव खबर के मुताबिक, रेलवे के आवंटन में अच्छी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। करीब 25-30% तक ज्यादा आवंटन संभव है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक फाइनेंशियल ईयर 2023-24 के बजट में वित्त मंत्री निर्मला सीतामरण का फोकस रेलवे के इंफ्रास्ट्रक्चर पर होगा। सीतारमण 1 फरवरी, 2023 को बजट पेश करेंगी। इसमें वह रेलवे के आय-व्यय का ब्योरा देंगी। साथ ही रेलवे के लिए नई योजनाओं के बारे में भी बताएंगी।
रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने पर जोर
सूत्रों का कहना है कि बजट में रोलिंग स्टॉक, इलेक्ट्रिफिकेशन पर खर्च बढ़ाने पर भी जोर होगा। ट्रैक डबलिंग, ट्रिपलिंग के लिए भी आवंटन बढ़ सकता है। इतना ही नहीं इस बार बजट में 100 से ज्यादा नई वंदे भारत ट्रेनों के मैन्युफैक्चरिंग का ऐलान हो सकता है। सूत्रों के अनुसार स्लीपर वाली नई वंदे भारत का ऐलान भी किया जा सकता है।
इसके अलावा सरकार इस बार के बजट में ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन सिस्टम कवच पर भी फोकस कर सकती है। सूत्रों के मुताबिक ट्रेन प्रोटेक्शन के लिए रूट का विस्तार हो सकता है।
बजट का ही हिस्सा होगा रेल बजट
अंतिम बार 25 फरवरी, 2016 को रेल बजट पुरानी परंपरा के तहत अलग से पेश किया गया था । तब सुरेश प्रभु रेल मंत्री थे। उसके बाद साल 2017 में तत्कालीन वित्त मंत्री अरुण जेटली ने आम बजट में ही रेलवे के लिए आवंटन का प्रस्ताव पेश किया था। इसके साथ ही अलग रेल बजट पेश करने की 92 साल पुरानी परंपरा खत्म हो गई थी। दरअसल, 2015 में नीति आयोग की एक कमेटी ने अलग से रेलवे बजट पेश करने को बंद करने की सिफारिश की थी। इसके बाद मोदी सरकार ने इसे अलग कर दिया गया।
सूत्रों के हवाले से मनीकंट्रोल ने खबर प्रकाशित थी कि रेलवे अधिकारियों के मुताबिक इस बजट में नेशनल ट्रांसपोर्ट के बजटीय आवंटन को भी बढ़ाया जा सकता है। वित्त वर्ष 2023 के बजट में नेशनल ट्रांसपोर्ट के लिए 1.37 लाख करोड़ रुपये का आवंटन किया गया था। अब इस राशि में अब तक की सबसे ज्यादा बढ़ोतरी की उम्मीद है। वर्तमान वित्त वर्ष में नेशनल ट्रांसपोर्ट पर किए जाने वाले बजटीय आवंटन में 28 फीसदी की बढ़ोतरी की गई थी। गौरतलब है कि वित्त वर्ष 2021-22 के बजट में नेशनल ट्रांसपोर्ट के लिए 1.07 लाख करोड़ रुपये का आवंटन किया गया था।