Union Budget 2023: क्रिप्टोकरेंसी (Crypto Currency) मार्केट में पिछले 9-10 महीनों से रौनक गायब है। पिछले बजट में फाइनेंस मिनिस्टर निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) ने क्रिप्टो एसेट यानी Virtual Digital Assets (VDAs) पर टैक्स लगाने का ऐलान किया था। इसका असर क्रिप्टो इनवेस्टर्स और ट्रेडर्स दोनों पर पड़ा है। पिछले बजट में सीतारमण ने क्रिप्टो एसेट से हुए प्रॉफिट पर 30 फीसदी टैक्स लगाने का ऐलान किया था। एक्सपर्ट्स का कहना है कि इसके बजाय इनवेस्टर के इनकम टैक्स स्लैब के हिसाब से टैक्स लगाया जा सकता हैा। इसके अलावा वर्चुअल एसेट के ट्रांजेक्शन पर 1 फीसदी TDS भी लगाया गया था। इसका असर क्रिप्टो इनवेस्टर्स के सेंटिमेंट पर पड़ा है। वित्त मंत्री 1 फरवरी, 2023 को पेश होने वाले बजट (Budget 2023) में क्रिप्टो इनवेस्टर्स और ट्रेडर्स की शिकायतों को दूर कर सकती हैं। इससे क्रिप्टो मार्केट में दोबारा रौनक आ सकती है।
टैक्स के नियमों ने बढ़ाई मुसीबत
Avisa Games Guild के सीईओ प्रिय रत्नम ने कहा, "क्रिप्टो के इनवेस्टर्स के लिए TDS एक बड़ी चिंता है। खासकर इंट्रा-डे और शॉर्ट-टर्म ट्रेडर्स काफी निराश हैं। अगर आप 10-15 बार से ज्यादा ट्रांजेक्ट करते हैं तो आपका काफी कैपिटल फ्रिज हो जाता है।" पिछले कुछ सालों में क्रिप्टो ने बहुत रिटर्न दिया है। इससे इसमें इनवेस्ट करने वाले लोगों की संख्या तेजी से बढ़ी थी। खास बात यह है कि इसके इनवेस्टर्स में छोटे-बड़े हर तरह के इनवेस्टर्स शामिल हैं। खासकर इनमें युवा निवेशकों की संख्या बहुत ज्यादा है।
Bitcoin ने दिया 24,980 फीसदी रिटर्न
CoinGecko के मुताबिक, Bitcoin ने 2013 के बाद से 24,980 फीसदी रिटर्न निवेशकों को दिया है। Ether ने 2015 से 2,89,801 फीसदी रिटर्न दिया है। न सिर्फ मेट्रो शहरों के बल्कि टियर 1 और टियर 2 शहरों के लोगों ने भी डिजिटल एसेट्स में खूब पैसे लगाए गए हैं। क्रिप्टो टैक्स रिपोर्ट ऑफर करने वाले KoinX ने बताया है कि इसके 60 फीसदी क्लाइंट्स टियर 2 शहरों के हैं। इनमें पटना, भुवनेश्वर, रांची, जयपुर और मोहाली जैसे शहर शामिल हैं।
टैक्स के नियम में क्या है कमी?
एक्सपर्ट्स का कहना है कि क्रिप्टो पर टैक्स लगने के 8 महीने बाद भी ज्यादातर इनवेस्टर्स को इसके बारे में ठीक तरह से पता नहीं है। KoinX के फाउंडर पुनीत अग्रवाल ने कहा, "कई इनवेस्टर्स अब भी यह सोचते हैं कि जब वे अपने क्रिप्टो को कनवर्ट करते हैं और इसे अपने बैंक अकाउंट में विड्रॉ करते हैं सिर्फ तभी इस पर टैक्स लागू होता है।" लेकिन, क्रिप्टो से जुड़े टैक्स के नियमों के मुताबिक, क्रिप्टो को एक वॉलेट से दूसरे में ट्रांसफर करने पर भी टैक्स लगता है। इसके बाद क्रिप्टो एसेट्स से होने वाले प्रॉफिट के बारे में बताने की जिम्मेदारी क्रिप्टो बायर की है। VDA के बायर को यह ध्यान में रखना है कि सेल करने पर 1 फीसदी का TDS डिडक्ट करना जरूरी है।