यूनियन बजट 2023 : मिडिल क्लास को भी मिलेगा आयुष्मान भारत योजना का लाभ, निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को करेंगी ऐलान

Budget 2023: अभी आयुष्मान भारत योजना के दायरे में (AB PM-JAY) सिर्फ आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोग आते हैं। इस योजना के तहत 5 लाख रुपये का फ्री हेल्थ कवर मिलता है। नीति आयोग ने इस योजना के तहत मध्यम वर्ग को भी लाने की सिफारिश की थी

अपडेटेड Jan 18, 2023 पर 4:28 PM
AB PM-JAY सितंबर 2018 में लॉन्च हुआ था। इसके तहत 5 लाख रुपये तक का फ्री हेल्थ कवर मिलता है। 14 करोड़ परिवार इस योजना के दायरे में आ चुके हैं। करीब 72 करोड़ लोगों को इसका लाभ मिल रहा है।

बजट 2023 : मध्यम वर्ग के लोगों के लिए अच्छी खबर है। सरकार आयुष्मान भारत योजना का दायरा बढ़ाने जा रही है। मिंट में छपी रिपोर्ट्स में बताया गया है कि यूनियन बजट 2023 (Budget 2023) में आयुष्मान भारत प्रधान मंत्री जन आरोग्य योजना (AB PM-JAY) का दायरा बढ़ाने का ऐलान हो सकता है। अभी इसका फायदा सिर्फ आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को मिलता है। नेशनल हेल्थ अथॉरिटी (NHA) ने सरकार को इस स्कीम का दायरा बढ़ाने की सलाह दी थी। उसने कहा था कि इस स्कीम का लाभ समाज के उस वर्ग को भी दिया जाना चाहिए, जिसके पास हेल्थ इंश्योरेंस पूरी तरह से उपलब्ध नहीं है। मनीकंट्रोल स्वतंत्र रूप से इस खबर को वेरिफाई नहीं कर पाया है।

योजना में 5 लाख रुपये तक का फ्री हेल्थ कवर मिलता है

AB PM-JAY सितंबर 2018 में लॉन्च हुआ था। इसके तहत 5 लाख रुपये तक का फ्री हेल्थ कवर मिलता है। 14 करोड़ परिवार इस योजना के दायरे में आ चुके हैं। करीब 72 करोड़ लोगों को इसका लाभ मिल रहा है। यह आबादी का करीब 60 फीसदी है। देश में करीब 25 करोड़ लोगों के पास प्राइवेट हेल्थ इंश्योरेंस है। अभी ऐसे 40 करोड़ लोग हैं, जिनके पास कोई हेल्थ पॉलिसी नहीं है। यह जानकारी नीति आयोग की रिपोर्ट पर आधारित है। यह रिपोर्ट अक्टूबर 2021 में आई थी।


यह भी पढ़ें : बजट 2023 : वित्तमंत्री से निवेश के लिए प्रोत्साहन और इनकम टैक्स में राहत चाहता है नौकरीपेशा वर्ग

नीति आयोग ने मिडिल क्लास को योजना के तहत लाने की सिफारिश की थी

नीति आयोग ने मिडिल क्लास को आयुष्मान भारत योजना के तहत लाने की सिफारिश की थी। उसने कहा था कि अभी यह वर्ग आयुष्मान भारत स्कीम के दायरे में नहीं आता है। इसके पास उतने पैसे नहीं है कि वह खुद हेल्थ इंश्योरेंस खरीद सके। इस वर्ग को इलाज पर आने वाले खर्च में मदद की जरूरत है। वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट में पिछले साल कहा गया था कि अपनी जेब से इलाज पर आने वाला खर्च करने से करीब 50 करोड़ लोग अत्यंत गरीबी में पहुंच गए हैं।

बजट 2023 आने में बाकी हैं सिर्फ कुछ दिन, इसकी खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

उन बीमारियों के इलाज की सुविधा मिलती है जो पहले से हैं

आयुष्मान भारत स्कीम के तहत लाभार्थी को उन बीमारियों के इलाज की भी सुविधा मिलती है, जो उन्हें पहसे से है। प्राइवेट इंश्योरेंस पॉलिसी में यह सुविधा नहीं मिलती है। मिंट की खबर में कहा गया है कि मिडिल क्लास के लिए आयुष्मान भारत के हेल्थ प्लान में हेल्थ पैकेज के रेट्स अलग होंगे। लाभार्थी जनरल वॉर्ड, सेमी-प्राइवेट वॉर्ड और प्राइवेट वॉर्ड का फायदा पैकेज प्लान के हिसाब से उठा सकेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।