Union Budget 2024 : निर्मला सीतारमण के बजट की तारीख और समय सहित जानिए अपने हर सवाल का जवाब

Interim Budget 2024 : बजट सत्र की शुरुआत के दूसरे दिन वित्तमंत्री अंतरिम बजट पेश करेंगी। बजट सत्र की शुरुआत 31 जनवरी को होगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लोकसभा और राज्य सभा के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगी। आम तौर पर बजट से पहले आर्थिक सर्वे पेश होता है। लेकिन, इस बार संक्षिप्त आर्थिक सर्वे पेश होने की उम्मीद है

अपडेटेड Jan 27, 2024 पर 1:04 PM
Story continues below Advertisement
Budget 2024 : वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को अपना पहला अंतरिम बजट पेश करेंगी। यह उनका कुल छठा बजट होगा। उन्होंने अपना पहला बजट 5 जुलाई, 2019 को पेश किया था।

Budget 2024 : केंद्रीय बजट (Union Budget) पेश होने में कुछ ही दिन का समय बचा है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार का आखिरी बजट होगा। वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) 1 फरवरी को बजट पेश करेंगी। यह अंतरिम बजट होगा। अप्रैल-मई में लोकसभा चुनाव होने वाले हैं। इसके बाद केंद्र में जो नई सरकार बनेगी, वह वित्त वर्ष 2024-25 का पूर्ण बजट पेश करेगी। वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने पिछले महीने कहा था कि अंतरिम बजट वोट-ऑन-अकाउंट होगा। इसलिए इसमें बड़े ऐलान नहीं होंगे। उन्होंने कहा था कि बड़े ऐलान के लिए पूर्ण बजट तक इंतजार करना होगा। इसके जुलाई में आने की उम्मीद है। 2019 में लोकसभा चुनाव हुए थे। उस साल 1 फरवरी को अंतरिम बजट आया था। 5 जुलाई को पूर्ण बजट पेश हुआ था।

बजट 2024 दिन में 11 बजे पेश होगा

वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को दिन में 11 बजे लोकसभा में यूनियन बजट 2024 पेश करेंगी। 1999 से यूनियन बजट दिन में 11 बजे पेश हो रहा है। इससे पहले यह शाम 5 बजे पेश होता था। बजट पेश होने की तारीख भी 2017 में बदल दी गई। इससे पहले यूनियन बजट फरवरी की आखिरी तारीख को पेश होता था। पूर्व वित्तमंत्री अरुण जेटली ने 2017 में पहली बार 1 फरवरी को यूनियन बजट पेश किया था। तब से यह हर साल 1 फरवरी को पेश होता है।

यह भी पढ़ें : Budget 2024 : एनर्जी ट्रांजिशन के लिए सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों की आर्थिक मदद 50% घटी


बजट सेशन की शुरुआत 31 जनवरी से

बजट सेशन की शुरुआत 31 जनवरी से होगी। बजट सेशन का पहला चरण 9 फरवरी तक चलेगा। बजट सेशन के पहले दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी। इसके साथ ही बजट सत्र की शुरुआत हो जाएगा। आम तौर पर यूनियन बजट से एक दिन पहले आर्थिक सर्वे पेश होता है। इसमें इकोनॉमी के प्रदर्शन के बारे में व्यापक जानकारी होती है। इस बार आर्थिक सर्वें का रूप बहुत संक्षिप्त होगा। उम्मीद है कि पूर्ण बजट पेश होने के वक्त सरकार पूर्ण आर्थिक सर्वे पेश करेगी।

निर्मला सीतारमण का पहला अंतरिम बजट

वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को अपना पहला अंतरिम बजट पेश करेंगी। यह उनका कुल छठा बजट होगा। उन्होंने अपना पहला बजट 5 जुलाई, 2019 को पेश किया था। यह वित्त वर्ष 2019-20 का पूर्ण बजट था। उस साल अप्रैल-मई में लोकसभा चुनाव होने की वजह से 1 फरवरी को केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने अंतरिम बजट पेश किया था। लोकसभा चुनावों में एनडीए की जीत हुई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दूसरी बार अपनी सरकार बनाई थी। उन्होंने निर्मला सीतारमण को वित्तमंत्री नियुक्त किया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।