भारत की सबसे बड़ी एडटेक कंपनी बायजू (Byju's) ने अपने कर्मचारियों के लिए नई सोशल मीडिया पॉलिसी जारी की है। इस पॉलिसी के तहत कर्मचारियों को मीडिया से बातचीत करने से रोकने का फैसला लिया गया है। बता दें कि कंपनी बड़े पैमाने पर अपने कर्मचारियों की छंटनी करने की तैयारी में है। रिस्ट्रक्चरिंग के तहत कंपनी करीब 4000-5000 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल सकती है। कंपनी ने 26 सितंबर को कर्मचारियों के लिए अपने मैसेज में कहा कि जो कर्मचारी गाइडलाइन का पालन करने में विफल रहते हैं, उन्हें अनुशासनात्मक या कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
नई सोशल मीडिया पॉलिसी में क्या है?
सोशल मीडिया पॉलिसी वर्जन 1.0 टाइटल वाले इस डॉक्यूमेंट में कर्मचारियों से कहा गया है, "आपको किसी भी मीडिया हाउस से सीधे बात करने या पिक्चर, वीडियो, स्क्रीनशॉट सहित कंपनी से जुड़ी जानकारी साझा करने की अनुमति नहीं है। नियमों के उल्लंघन को कंपनी द्वारा गंभीरता से लिया जाएगा और नतीजतन आपके खिलाफ उचित अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई शुरू की जा सकती है।"
कंपनी के प्रवक्ता ने क्या कहा?
मनीकंट्रोल के सवालों के जवाब में कंपनी के प्रवक्ता ने कहा, "जैसा कि आप जानते हैं, बायजू अपनी बिजनेस प्रोसेस की समीक्षा के लिए इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स के साथ काम कर रहा है। इस एक्सरसाइज के हिस्से के रूप में हम कई पॉलिसी की समीक्षा कर रहे हैं। हमने अपनी मौजूदा सोशल मीडिया पॉलिसी को अपडेट कर दिया है और अपने कर्मचारियों को इसके बारे में सूचित कर दिया है।"
4000 कर्मचारियों की हो सकती है छंटनी
Byju's करीब 4000 कर्मचारियों की छंटनी कर सकती है। कर्मचारियों की छंटनी पर Byju's ने कहा कि हम ऑपरेशनल स्ट्रक्चर को आसान बानाने और लागात को कम करने की प्लानिंग कर रहे हैं। बेहतर कैश फ्लो मैनेजमेंट के लिए बिजनेस को रिस्ट्रक्चर किया जा रहा है और अब यह अपनी आखिरी स्टेज में पहुंच गया है। Byju's के नए इंडिया सीईओ अर्जुन मोहन, अगले कुछ हफ्तों में इस प्रोसेस को पूरा करेंगे और रेगुलर ऑपेरेशन को एक नया विजन देंगे।