China News: चीन का कारोबार कितनी तेजी से मजबूत हो रहा है, इसका अंदाजा इससे लगा सकते हैं कि अक्टूबर में ही चीन का ट्रेड सरप्लस $1 ट्रिलियन यानी $1 लाख करोड़ के पार पहुंच गया। न्यूज एजेंसी रायटर्स के मुताबिक इसके आधिकारिक आंकड़े आज मंगलवार को जारी हुए हैं। खास बात ये है कि चीन ने इसे पिछले साल के रिकॉर्ड स्तर की तुलना में और भी जल्दी हासिल कर लिया। पिछले साल नवंबर में चीन का ट्रेड सरप्लस 1 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंचा था।
सिर्फ यही नहीं, चीन के कस्टम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक निर्यात भी 35% से अधिक रफ्तार से बढ़ा। ये आंकड़े ऐसे समय में आए हैं जब अगले हफ्ते चीन में होने वाले एशिया-पैसिफिक इकोनॉमिक को-ऑपरेशन (APEC) शिखर सम्मेलन में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक होने वाली है।
निर्यात को किन बातों से मिला सपोर्ट
दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था चीन का निर्यात तेजी से बढ़ रहा है। इसे कंप्यूटर चिप्स, डेटा सेंटर सर्वर और नेटवर्किंग इक्विपमेंट्स जैसे AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से जुड़े प्रोडक्ट्स की वैश्विक मांग में जबरदस्त बढ़ोतरी से सपोर्ट मिल रहा है। इससे चीन को आर्थिक सहारा मिला है क्योंकि काफी पहले तेजी से आगे बढ़ रहा चीन का प्रॉपर्टी सेक्टर लंबे समय से दिक्कतों से जूझ रहा है। एक्सपोर्ट की बात करें तो अक्टूबर महीने में सालाना आधार पर यह 35.2% की रफ्तार से बढ़कर $4.12 करोड़ पर पहुंच गया। हालांकि GAC (जनरल एडमिनिस्ट्रेशन ऑफ कस्टम्स) के आंकड़ों के हिसाब से निर्यात भी 41.6% उछलकर $3.07 करोड़ पर पर पहुंच गया। GAC के मुताबिक इन आंकड़ों के साथ ही साल के पहले 10 महीनों में चीन का कुल ट्रेड सरप्लस $1.04 ट्रिलियन के भारी-भरकम लेवल पर पहुंच गया है।
पिनपॉइंट एसेट मैनेजमेंट के प्रेसिडेंट और मुख्य अर्थशास्त्री झिवेई झांग (Zhiwei Zhang) का कहना है कि इस साल चीन की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने में निर्यातकों का बड़ा रोल रहा है और आने वाले समय में उनका परफॉरमेंस अच्छा बना रह सकता है। झिवेई के मुताबिक इस साल अब चीन की मैक्रो पॉलिसी में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
चीन के निर्यात में आई तेजी ने कई प्रमुख व्यापारिक साझेदारों के साथ तनाव बढ़ा दिया है। उन्हें चिंता है कि चीन से आने वाले सस्ते सामानों की बाढ़ के कारण उनके यहां के बाजारों में प्रतिस्पर्धा खत्म हो रही है।
हाल के महीनों में चीन और यूरोपीय संघ के बीच भी व्यापारिक तनाव बढ़ा है। मंगलवार को सामने आए आंकड़ों के मुताबिक जनवरी-अक्टूबर के दौरान ईयू यानी यूरोप के 27 देशों के ग्रुप के साथ चीन का सरप्लस $2.42 करोड़ से बढ़कर $3.11 करोड़ हो गया। इससे ईयू पर स्थानीय इंडस्ट्रीज को बचाने का दबाव बढ़ा दिया है।
अमेरिका को चीन के निर्यात की बात करें तो यह 32.9% बढ़ा। पिछले साल अक्टूबर में अपनी मुलाकात के बाद से दोनों देशों ने एक तगड़े ट्रेड वार के बीच किसी तरह समझौते की स्थिति को बनाए रखा है। हाल ही में सितंबर में वाशिंगटन में हुई बातचीत से पहले उन्होंने इस समझौते को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई थी।
क्या ही चीन के इकॉनमी की हालत?
एनालिस्ट्स के मुताबिक इस साल चीन ने 4.5-5.0% की रफ्तार से बढ़ने का लक्ष्य रखा है और इसे हासिल करने के लिए वह काफी हद तक निर्यात पर निर्भर है। वैसे यह लक्ष्य पिछले कई दशकों में सबसे कम है। चीन में पिछले कई वर्षों से घरेलू खपत सुस्त बनी हुई है। सोमवार को महंगाई के आंकड़े आए थे, जिसके मुताबिक चीन में महंगाई दर अभी भी लगभग 2% के आधिकारिक लक्ष्य से काफी नीचे है।