Crypto News: ढह चुकी क्रिप्टो कंपनी एफटीएक्स (FTX) ने बाईनेंस (Binance) और इसके पूर्व सीईओ चैंगपेंग झाओ (Changpeng Zhao) पर मुकदमा कर दिया है। एफटीएक्स का आरोप है कि इसके मैनेजमेंट ने फर्जी तरीके से बाईनेंस और इसके एग्जेक्यूटिव्स को 180 करोड़ डॉलर भेजे थे। यह मुकदमा बाईनेंस की तरफ से सैम बैंकमैन-फ्राइड (Sam Bankman-Fried) की एफटीएक्स में हिस्सेदारी बेचने से संबंधित है, जिसे उसने 2019 में खरीदी थी, लेकिन जुलाई 2021 में उसे एफटीएक्स को वापस बेचने के लिए सौदा किया था। याचिका के मुताबिक एफटीएक्स की अलामेडा रिसर्च डिवीजन ने इस शेयर को वापस खरीदने के लिए टोकन का इस्तेमाल किया था, जिनकी उस समय मार्केट वैल्यू 176 करोड़ डॉलर थी। अब इसे लेकर आरोप लगाया गया है कि अलामेडा उस समय दिवालिया थी यानी कि इस खरीदारी के लिए उसके पास पैसे ही नहीं थे तो यह लेन-देन नहीं होना चाहिए था।
