Elon Musk ने ढूंढ लिया Twiter का नया CEO, पराग अग्रवाल की जाएगी नौकरी: रिपोर्ट

एलॉन मस्क (Elon Musk) ने ट्विटर के सीईओ (Twitter CEO) पद से भारतीय मूल के पराग अग्रवाल (Parag Agrawal) को हटाने की तैयारी कर ली है

अपडेटेड May 02, 2022 पर 10:13 PM
Story continues below Advertisement
Elon Musk ने 44 अरब डॉलर में ट्विटर को खरीदने की डील की है

एलॉन मस्क (Elon Musk) ने ट्विटर के सीईओ (Twitter CEO) पद से भारतीय मूल के पराग अग्रवाल (Parag Agrawal) को हटाने की तैयारी कर ली है। विदेशी समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने सूत्रों के हवाले से बताया कि Elon Musk 44 अरब डॉलर में ट्विटर को खरीदने की डील पूरी होने के बाद पराग अग्रवाल को कंपनी के सीईओ पद से हटाकर एक नए व्यक्ति को इस पद पर बैठाएंगे। सूत्रों ने बताया कि मस्क ने नए CEO का नाम भी तय कर लिया है, हालांकि सूत्रों ने फिलहाल उस शख्स की पहचान बताने से इनकार कर दिया।

दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति और टेस्ला व स्पेसएक्स जैसी कंपनियों के मालिक Elon Musk ने पिछले महीने ट्विटर के चेयरमैन ब्रेट टेलर से कहा कि उन्हें कंपनी के मैनेजमेंट पर भरोसा नहीं है। तभी से यह अटकलें लगाईं जा रही थीं मस्क, ट्विटर को खरीदने के बाद उसके बोर्ड को भंग कर सकते हैं।

Parag Agrawal पिछले साल नवंबर महीने में ट्विटर के सीईओ बने थे और कंपनी की बिक्री पूरी होने तक उनके इस पद पर बने रहने की उम्मीद है। रिसर्च फर्म एक्विलर ने बताया कि पराग अग्रवाल को अगर उनके सीईओ बनने की तारीख से 12 महीने के अंदर पद से हटाया जाता है, तो कॉन्ट्रैक्ट की शर्तों के तहत उन्हें कंपनी से 42 मिलियन डॉलर मुआवजे के तौर पर मिलेंगे।


यह भी पढ़ें- Taking Stock:शुरुआती गिरावट के बाद बाजार में निचले स्तर से रिकवरी, जानिए आगे कैसी रह सकती है इसकी चाल

इससे पहले बीते शुक्रवार को पराग अग्रवाल ने ट्विटर के कर्मचारियों के साथ एक बैठक की थी, जिसमें उन्हें कर्मचारियों की तरफ से काफी नाराजगी का सामना करना पड़ा। टॉप मैनेजमेंट से कर्मचारी यह जानना चाह रहे थे मस्क के हाथों ट्विटर के जबरन अधिग्रहण के बाद जो कंपनी से बड़े स्तर पर लोगों की छंटनी होने वाली है, उसे संभालने के लिए वह क्या कर रहे हैं। यह बैठक ऐसे समय में हुई थी जब मस्क लगातार ट्विटर के कंटेंट मॉडरेशन टीम की लगातार सार्वजनिक रूप से आलोचना कर रहे हैं।

कहा जा रहा है कि मस्क ने ट्विटर के कर्मचारियों की सैलरी में कटौती करने की तैयारी कर ली है। कंपनी की कॉस्ट को कम करने के लिए उन्होंने एग्जीक्यूटिव और बोर्ड की सैलरी को कम करने की भी बात कही है। मस्क का मानना है कि इससे करीब 3 अरब डॉलर की बचत होगी।

इस बीच चर्चा है कि मस्क ट्विटर में कई नए बड़े बदलाव की योजना बना रहे हैं। इसके तहत ट्विटर से पैसे कमाने के कई नए जरिए खोजे जा रहे हैं। जो ट्वीट बहुत वायरल होते हैं या जिनमें खास जानकारी होती है। उन्हें मॉनेटाइज किया जाएगा। साथ ही जो भी वेबसाइट ट्वीट को एम्बेड या कोट करेंगे उनसे वे इसका चार्ज भी लेंगे और जिससे कंपनी की आमदनी में इजाफा होगा। वॉशिंगटन पोस्ट के मुताबिक मस्क ऐसे इन्फ्लुएंसर को जो प्लेटफॉर्म के लिए कंटेंट क्रिएट करते हैं, उनको पेमेंट करने वाला फीचर लाएंगे। साथ ही मस्क ने कंपनी की सब्सक्रिप्शन सर्विस पर भी काम करने की बात कही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।