फ्रांस का फैशन ग्रुप SMCP भारत में कदम रखने की तैयारी में है। इसके लिए उसने रिलायंस ब्रांड्स (Reliance Brands) के साथ एक समझौता किया है। इसके बाद SMCP, मुंबई में जियो वर्ल्ड प्लाजा मॉल में स्टोर खोलने वाले अन्य हाई-एंड यूरोपीय ब्रांड्स में शामिल हो जाएगा। SMCP, फैशन लेबल Sandro, Maje, Claudie Pierlot और Fursac का मालिक है। SMCP की इस वक्त 47 देशों में मौजूदगी है। SMCP सीईओ Isabelle Guichot ने भारत में एंट्री करने के पीछे भारत की संपत्ति और युवा पीढ़ी की बढ़ती आबादी का हवाला दिया है। उन्होंने कहा कि भारत में बहुत ज्यादा एक्सेसिबल लग्जरी फैशन लेबल नहीं हैं, इसलिए हमें लगता है कि यह आगे रहने का समय है।
लग्जरी होटलों में आउटलेट के जरिए वर्षों तक भारतीय बाजार को टेस्ट करने के बाद हाईएंड यूरोपीय लेबल, देश की मजबूत आर्थिक वृद्धि और स्थानीय करोड़पतियों की संख्या में तेजी से वृद्धि का फायदा उठाना चाहते हैं। इसके लिए वे भारत में अपनी खुदरा पैठ को बढ़ाना चाह रहे हैं।
SMCP ब्रांड्स के लिए रिलायंस ब्रांड्स खोलेगी 10 स्टोर
SMCP ने रिलायंस ब्रांड्स के साथ अपनी साझेदारी की वित्तीय शर्तों का खुलासा नहीं किया है। इस पार्टनरशिप के चलते रिलायंस ब्रांड्स, भारत में Sandro और Maje की एक्सक्लूसिव डिस्ट्रीब्यूटर बन जाएगी। Guichot ने कहा कि रिलायंस ब्रांड्स ने अगले तीन से पांच वर्षों में SMCP ब्रांड्स की बिक्री करने वाले लगभग 10 स्टोर खोलने की योजना बनाई है। इसकी शुरुआत मुंबई में जियो वर्ल्ड प्लाजा मॉल से होगी।
रिलायंस ब्रांड्स, रिलायंस रिटेल वेंचर्स की सहायक कंपनी है। दोनों ही मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज का हिस्सा हैं। रिलायंस ब्रांड्स ने बोट्टेगा वेनेटा, बरबेरी, वैलेंटिनो और टिफनी जैसे दर्जनों हाई एंड यूरोपीय और अमेरिकी लेबल्स के साथ पार्टनरशिप डील्स की हैं।
Disclaimer: मनीकंट्रोल, नेटवर्क18 ग्रुप का हिस्सा है। नेटवर्क18 का नियंत्रण इंडिपेंडेट मीडिया ट्रस्ट करता है, जिसकी एकमात्र लाभार्थी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।