क्या अब घटेंगे CNG-PNG के रेट? सरकार ने सिटी गैस रिटेलर्स को बढ़ाई सस्ती गैस की सप्लाई

सस्ती डॉमेस्टिक गैस के एलोकेशन में कटौती के कारण सिटी गैस रिटेलर्स ने गाड़ियों में इस्तेमाल होने वाली CNG के दाम 2-3 रुपये किलोग्राम बढ़ा दिए थे, साथ ही आगे दाम और बढ़ाने का भी प्लान कर रहे थे। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने 31 दिसंबर, 2024 के अपने आदेश के जरिए जमीन के नीचे और समुद्र के नीचे से उत्पादित गैस के कुछ एलोकेशन को फिर से व्यवस्थित किया

अपडेटेड Jan 12, 2025 पर 1:45 PM
Story continues below Advertisement
पिछले साल अक्टूबर और नवंबर में सरकार ने सिटी गैस रिटेलर्स को APM गैस की सप्लाई में 40 प्रतिशत तक कटौती की थी।

सरकार ने सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL), अदाणी-टोटल और महानगर गैस लिमिटेड (MGL) को सस्ती डॉमेस्टिक गैस की सप्लाई बढ़ा दी है। इन कंपनियों ने शेयर बाजारों को इस बारे में जानकारी दी है। बीते साल यानि 2024 में सरकार ने इन कंपनियों के लिए डॉमेस्टिक गैस एलोकेशन घटा दिया था। गेल इंडिया, डॉमेस्टिक गैस एलोकेशन के लिए नोडल एजेंसी है। सिटी गैस रिटेलर्स को सरकार की ओर से तय कीमत पर CNG सेल्स वॉल्यूम्स की जरूरत को पूरा करने के लिए डॉमेस्टिक गैस एलोकेशन मिलता है। सरकार की ओर से तय कीमत वर्तमान में 6.5 डॉलर/mmbtu है।

पिछले साल अक्टूबर और नवंबर में सरकार ने सीमित उत्पादन के मद्देनजर सिटी गैस रिटेलर्स को APM गैस (मुंबई हाई और बंगाल की खाड़ी जैसे पुराने क्षेत्रों से निकलने वाली सस्ती प्राकृतिक गैस) की सप्लाई में 40 प्रतिशत तक कटौती की थी। इसके कारण सिटी गैस रिटेलर्स ने गाड़ियों में इस्तेमाल होने वाली CNG के दाम 2-3 रुपये किलोग्राम बढ़ा दिए थे, साथ ही आगे दाम और बढ़ाने का भी प्लान कर रहे थे। गैस एलोकेशन में कटौती के चलते कंपनियों को ऊंचे दाम वाला ईंधन खरीदना पड़ा, जिससे डीजल जैसे वैकल्पिक ईंधन की तुलना में CNG कम आकर्षक रह गई।

सरकार ने कैसे बढ़ाई सप्लाई


इसके बाद, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने 31 दिसंबर, 2024 के अपने आदेश के जरिए जमीन के नीचे और समुद्र के नीचे से उत्पादित गैस के कुछ एलोकेशन को फिर से व्यवस्थित किया। मंत्रालय ने LPG उत्पादन के लिए सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों गेल और ऑयल एंड नैचुरल गैस कॉरपोरेशन (ONGC) को की जाने वाली सप्लाई घटाने और इस वॉल्यूम को सिटी गैस रिटेलर्स को डावयर्ट करने का आदेश दिया है।

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, सरकारी आदेश के अनुसार, LPG उत्पादन के लिए कुल 2.55 मिलियन मीट्रिक स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर प्रतिदिन (MMSCMD) गैस का इस्तेमाल किया जाता है। इसमें से 1.27 MMSCMD (गेल और ONGC, दोनों में से हर एक के लिए 0.637-0.637) को जनवरी-मार्च तिमाही में CNG/पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) सेगमेंट में खपत के लिए डावयर्ट करने का आदेश दिया गया है। सिटी गैस रिटेलर्स ने कहा कि APM गैस की बढ़ी हुई मात्रा की सप्लाई 16 जनवरी से शुरू होगी।

Avenue Supermarts के MD-CEO नेविल नोरोन्हा छोड़ेंगे पद, यूनिलीवर के अंशुल असावा संभालेंगे जिम्मेदारी

IGL, MGL, अदाणी-टोटल के लिए कितना-कितना बढ़ा एलोकेशन

इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने शेयर बाजारों को भेजी सूचना में कहा, ‘‘गेल (इंडिया) लिमिटेड से मिले कम्युनिकेशन अनुसार, IGL के लिए डॉमेस्टिक गैस एलोकेशन 16 जनवरी, 2025 से 31 प्रतिशत तक बढ़ाया गया है। इससे CNG सेगमेंट में घरेलू गैस की हिस्सेदारी 37 प्रतिशत से बढ़कर 51 प्रतिशत हो जाएगी।’’

गुजरात और अन्य शहरों में CNG की खुदरा बिक्री करने वाली अदाणी-टोटल गैस लिमिटेड ने कहा कि APM गैस के एलोकेशन में 16 जनवरी, 2025 से 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। इस बढ़ोतरी से कंपनी पर सकारात्मक असर पड़ेगा और अंतिम उपभोक्ताओं के लिए खुदरा कीमतों को स्थिर करने में मदद मिलेगी। मुंबई और अन्य शहरों में CNG की खुदरा बिक्री करने वाली कंपनी महानगर गैस लिमिटेड ने कहा कि APM मूल्य पर डॉमेस्टिक गैस के एलोकेशन में 26 प्रतिशत की वृद्धि की गई है।

D-Mart Q3 Result: अक्टूबर-दिसंबर में एवेन्यू सुपरमार्ट्स का मुनाफा 5% बढ़ा, रेवेन्यू में 17% का इजाफा

कहीं LPG तो नहीं हो जाएगी और महंगी!

गेल और ONGC के लिए कम की गई सप्लाई के चलते इन कंपनियों को या तो नए क्षेत्रों से उत्पादित उच्च-मूल्य वाली गैस का इस्तेमाल करना होगा या आयातित लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) पर निर्भर रहना पड़ेगा। इन कंपनियों द्वारा उत्पादित LPG को इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) जैसी पेट्रोलियम कंपनियों को दिया जाता है। IOC डॉमेस्टिक कुकिंग गैस LPG के तौर पर इसका इस्तेमाल घरों में इस्तेमाल होने वाले रसोई गैस सिलेंडर के लिए करती है। सरकार घरेलू रसोई गैस LPG पर सब्सिडी देती है, इसलिए उत्पादन की उच्च लागत का बोझ सरकार को ही उठाना पड़ेगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।