जेएलआर इंडिया (JLR India) ने मौजूदा वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही के दौरान सबसे अधिक बिक्री का रिकॉर्ड बनाया है। कंपनी ने सोमवार को यह जानकारी दी। कंपनी ने कहा कि जून तिमाही के बिक्री के आंकड़े अब तक किसी भी पहली तिमाही में सबसे अधिक हैं। कंपनी ने कहा कि जून तिमाही में उसकी खुदरा बिक्री पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 102 फीसदी बढ़कर 1048 यूनिट हो गई।
JLR India ने बयान में कहा कि रेंज रोवर (Range Rover), रेंज रोवर स्पोर्ट (Range Rover Sport) और डिफेंडर (Defender) की बिक्री में 209 फीसदी के शानदार उछाल से ऐसा संभव हो सका। कंपनी के पोर्टफोलियों में इन तीनों मॉडलों की मांग लगातार बनी हुई है, और मौजूदा ऑर्डर बुक में इनकी 78 फीसदी हिस्सेदारी है।
JLR India के मैनेजिंग डायरेक्टर का बयान
JLR India के मैनेजिंग डायरेक्टर राजन अंबा ने कहा, "हमारे कस्टमर्स के बीच बढ़ती मांग के कारण हमारी ऑर्डर बुक मजबूत हुई है और हम भारत में अपने कारोबार को लेकर उत्साहित और आश्वस्त हैं।" जेएलआर ने कहा कि मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही में उसका पूर्व स्वामित्व वाला कारोबार 137 प्रतिशत बढ़ा है। कंपनी ने कहा कि उसके पास वर्ष के लिए तय प्रोडक्ट इनिशिएटिव की एक इंप्रेसिव लाइन-अप है, जिसकी शुरुआत एन्हांस्ड रेंज रोवर Velar बुकिंग से हुई है, जो हाल ही में शुरू हुई है।