संयुक्त अरब अमीरात (UAE) स्थित लुलु ग्रुप (Lulu Group) अगले तीन सालों के दौरान भारत में मौजूदा प्रोजेक्ट्स पर 10000 करोड़ रुपये का निवेश करेगा। लुलु ग्रुप के चेयरमैन यूसुफ अली एमए ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्रुप ने देश में 20000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य भारत में 50,000 लोगों को रोजगार उपलब्ध कराना है और अब तक उनके कई एंटरप्राइजेज ने 22000 से अधिक नौकरियां दी हैं।
तेलंगाना में 3500 करोड़ का निवेश करेगा ग्रुप
यूसुफ अली ने यह भी कहा कि लुलु ग्रुप ने अगले पांच सालों के दौरान तेलंगाना में डेस्टिनेशन शॉपिंग मॉल (3,000 करोड़ रुपये) सहित कई प्रोजेक्ट्स में लगभग 3500 करोड़ रुपये का निवेश करने की प्रतिबद्धता जताई है। उन्होंने कहा, "हमने भारत में शॉपिंग मॉल, होटल और फूड प्रोसेसिंग यूनिट सहित कई क्षेत्रों में 20000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है। हम इसे बढ़ाएंगे।”
अलग-अलग प्रोजेक्ट्स पर 10000 करोड़ के निवेश की योजना
यूसुफ अली ने आगामी परियोजनाओं में कुल निवेश के बारे में पूछने पर कहा, "हमने अहमदाबाद में एक शॉपिंग मॉल का निर्माण शुरू कर दिया है। हम चेन्नई में एक और शॉपिंग मॉल बना रहे हैं। एक फूड प्रोसेसिंग प्लांट नोएडा में और दूसरा तेलंगाना में स्थापित किया जा रहा है। इन सभी प्रोजेक्ट्स पर अगले तीन वर्षों में 10000 करोड़ रुपये का निवेश होगा।” उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एनआरआई निवेश कानूनों को उदार बना दिया है और अब अनिवासी भारतीयों के निवेश को घरेलू निवेश माना जाता है।