PhonePe-Google pay को बड़ी राहत, NPCI ने दो साल आगे बढ़ाई UPI मार्केट कैप लागू करने की तारीख

नेशनल पेमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने UPI ऐप्स के लिए 30 फीसदी मार्केट शेयर नियम का पालन करने की समय सीमा दो साल बढ़ाकर 31 दिसंबर, 2024 कर दी है

अपडेटेड Dec 02, 2022 पर 6:42 PM
Story continues below Advertisement
फिलहाल देश में करीब 96% UPI ट्रांजैक्शन सिर्फ तीन यूपीआई ऐप के जरिए होते हैं

फोनपे (PhonePe) और गूगलपे (Google Pay) जैसे यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) ऐप्स को सरकार से बड़ी राहत मिली है। नेशनल पेमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने UPI ऐप्स के लिए 30 फीसदी मार्केट शेयर नियम का पालन करने की समय सीमा दो साल बढ़ाकर 31 दिसंबर, 2024 कर दी है। दरअसल सरकार ने UPI मार्केट में कुछ बड़े कंपनियों के दबदबे को रोकने के लिए अधिकतम 30% मार्केट शेयर का नियम लाया था। इसके तहत UPI सर्विस देने वाली एक कंपनी के पास 30% से अधिक मार्केट शेयर नहीं हो सकता है। NPCI ने UPI ऐप्स को इस नियम का पालन करने के लिए 31 दिसंबर 2022 तक का समय दिया था। हालांकि अब समय-सीमा दो साल के लिए बढ़ा दिया गया है।

फिलहाल देश में करीब 96% UPI ट्रांजैक्शन सिर्फ तीन ऐप्स से होते हैं। इनमें फोनपे (PhonePe), गूगल पे (Google Pay) और पेटीएम (Paytm) शामिल हैं। इसमें से भी करीब 80% UPI ट्रांजैक्शन सिर्फ दो ऐप- PhonePe और Google Pay से होते हैं।

NPCI ने एक बयान में कहा, "UPI के वर्तमान में इस्तेमाल, भविष्य में इसकी ग्रोथ की संभावनाएं और दूसरे पहलुओं को ध्यान में रखते हुए हमने थर्ड-पार्टी पेमेंट ऐप (TAPA) के लिए मार्केट वॉल्यूम कैप का पालन करने की समय सीमा 2 साल यानी 31 दिसंबर 2024 तक के लिए बढ़ा दी है।"


यह भी पढें- Yes Bank के शेयरों में 4% तक की तेजी, RBI से ₹8,898 करोड़ की हिस्सेदारी बेचने की मिली सशर्त मंजूरी

UPI ऐप से जुड़े सबसे ताजा आंकड़ों के मुकाबिक, अक्टूबर में करीब 47% यूपीआई ट्रांजैक्शन PhonePe से हुए थे। वहीं Google Pay से करीब 34 फीसदी यूपीआई ट्रांजैक्शन देखे गए थे, जबकि Paytm की हिस्सेदारी 15% थी।

यूपीआई मार्केट में एमेजॉन पे (Amazon Pay), वॉट्सऐप पे (WhatsApp Pay) सहित और भी कई ऐप हैं, लेकिन इनका मार्केट शेयर बहुत कम है। यूजर्स इन्हीं टॉप-3 कंपनियों के साथ बने हुए हैं।

30% मार्केट कैप का नियम जहां PhonePe और Google Pay के लिए झटका हो सकता है। वहीं Paytm के लिए इसे फायदे का सौदा माना जा रहा है क्योंकि इस नियम के लागू होने के बाद Paytm के यूपीआई ट्रांजैक्शन वॉल्यूम में भारी उछाल दिखने की उम्मीद है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।