चीनी स्मार्टफोन ब्रांड रियलमी इंडिया के CEO माइकल गुओ कंपनी छोड़ रहे हैं। यह इस्तीफा ऐसे वक्त पर हुआ है, जब पेरेंट कंपनी के स्ट्रक्चर में बड़ा बदलाव हो रहा है। इसके तहत Realme को OnePlus के साथ मिला दिया जाएगा। OnePlus का मालिकाना हक BBK Electronics के पास है। BBK Electronics ओप्पो और रियलमी की भी पेरेंट कंपनी है। वनप्लस, ओप्पो की सब्सिडियरी के तौर पर काम करती है। Realme को मूल रूप से 2018 में Oppo के सब-ब्रांड के तौर पर Xiaomi के Redmi को टक्कर देने के लिए लॉन्च किया गया था, बाद में इसे BBK Electronics के तहत एक स्वतंत्र कंपनी बना दिया गया।
Realme India के एक प्रवक्ता ने मनीकंट्रोल को एक बयान में कहा, "हम पुष्टि करते हैं कि माइकल गुओ ने स्वास्थ्य कारणों से Realme ब्रांड के भारत में बिजनेस को संभालने वाले हेड के पद से इस्तीफा दे दिया है। कंपनी उनके फैसले का सम्मान करती है और भारत सहित अन्य क्षेत्रों में उनके कार्यकाल के दौरान बिजनेस में दिए गए उनके बहुमूल्य योगदान के लिए उनकी सराहना करती है।"
प्रवक्ता ने बताया कि Realme Global के वाइस प्रेसिडेंट चेस जू भारत के मार्केट को संभालने की जिम्मेदारी लेंगे। उन्होंने कहा कि ब्रांड भारत के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और अपनी लॉन्ग-टर्म ग्रोथ पर फोकस करना जारी रखेगा।
Realme की शुरुआती टीम का हिस्सा थे गुओ
गुओ Oppo ग्रुप में एक अहम व्यक्ति रहे हैं और वे फाउंडर स्काई ली के नेतृत्व में बनी Realme की शुरुआती टीम का हिस्सा थे। भारत में Realme के बिजनेस पर लगभग 8 साल तक काम करने के बाद उन्होंने रियलमी इंडोनेशिया और साउथईस्ट एशिया के CEO के तौर पर 15 महीने बिताए। इसके बाद, मार्च 2023 में माधव सेठ के जाने के बाद उन्होंने India CEO का पद संभाला। सूत्रों ने मनीकंट्रोल को बताया कि शेनझेन में रहने वाले गुओ, OnePlus के भारत के कामकाज को भी अनौपचारिक रूप से संभाल रहे थे।
रीस्ट्रक्चरिंग के तहत, उम्मीद है कि Realme धीरे-धीरे एक अलग स्मार्टफोन ब्रांड के तौर पर काम करने के बजाय, बड़े OPPO इकोसिस्टम के अंदर एक प्रोडक्ट सीरीज के तौर पर काम करने लगेगा। सूत्रों के मुताबिक, यह बदलाव दिवाली के बाद पूरी तरह से लागू हो सकता है।
सूत्रों के अनुसार, Oppo का लॉन्ग-टर्म प्लान Oppo, Realme और OnePlus ब्रांड्स को एक ही ऑपरेटिंग स्ट्रक्चर के तहत लाना और उन्हें अलग-अलग ब्रांड्स के बजाय अलग-अलग प्रोडक्ट सीरीज के तौर पर मैनेज करना है। इस एकीकरण के तहत, Realme के मौजूदा डिस्ट्रीब्यूटर्स को Oppo के डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क में शामिल होने और Oppo और Realme दोनों के प्रोडक्ट्स को संभालने का ऑप्शन दिया जाएगा।
मामले की जानकारी रखने वाले एक अन्य व्यक्ति का कहना है, "इसका तुरंत असर कर्मचारियों पर पड़ेगा। जहां भी रोल एक जैसे होंगे, वहां लोगों को हटाया जाएगा। वे एक ही प्रोफाइल वाले दो लोगों को नहीं रखेंगे।" आगे कहा, "वे कई चरणों में छंटनी और कर्मचारियों की संख्या को तार्किक बनाने का काम कर रहे हैं, जिसमें कुल 12-15 महीने लगेंगे।" सूत्रों के मुताबिक, पिछले महीने Realme के करीब 25 कर्मचारियों ने इस्तीफा दे दिया था और मार्केटिंग, सेल्स, सर्विस और एडमिनिस्ट्रेटिव कामों में कर्मचारियों की संख्या को सही करने की प्रक्रिया जारी है।