रिलायंस जियो (Reliance Jio) ने मंगलवार 24 जनवरी को देश के 50 और शहरों में अपनी 'ट्रू 5जी (True 5G)' सेवाओं को शुरू करने का ऐलान किया। ये शहर देश के 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में फैले हुए हैं। इसके साथ ही रिलायंस जियो की 5जी ट्रू सर्विस अब देश के कुल 184 शहरों में पहुंच गई है। कंपनी ने एक बयान में कहा कि रिलायंस जियो इनमें से अधिकतर शहरों में 5जी सेवाएं शुरू करने वाली पहली और इकलौती टेलीकॉम कंपनी बन गई है। साथ ही गोवा, हरियाणा और पुडुचेरी आज से जियो के 5G नेटवर्क पर जुड़ने वाले नए राज्य/केंद्र शासित प्रदेश हैं।
कंपनी इन शहरों के यूजर्स को 'जियो वेलकम ऑफर (Jio Welcome Offer)' देगी। इस ऑफर के तहत यूजर्स बिना किसी अतिरिक्त लागत के 1gbps तक की स्पीड के साथ अनलिमिटेड फ्री 5G डेटा का इस्तेमाल कर सकेंगे।
Jio Welcome Offer के लिए यूजर्स को अपने 'My Jio' में जाना होगा। वहां उन्हें 'जियो वेलकम ऑफर' का एक बैनर दिखेगा, जिस पर क्लिक कर वह खुद को रजिस्टर कर सकते हैं।
कंपनी ने इस मौके पर जारी एक बयान में कहा, “यह सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में 5G सेवाओं की अब तक की सबसे बड़ी लॉन्चिंग में से एक है। हमने पूरे देश में 5G सेवाओं को लॉन्च करने की रफ्तार बढ़ा दी है क्योंकि हम चाहते हैं कि प्रत्येक Jio यूजर्स नए साल 2023 में Jio True 5G की इस परिवर्तनकारी तकनीक का आनंद ले सके। दिसंबर 2023 तक देश के हर कोने में Jio True 5G सेवाओं का आनंद और लाभ लिया जा सकेगा।"
जियो ने कहा, "हम आंध्र प्रदेश, असम, छत्तीसगढ़, गोवा, हरियाणा, झारखंड, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, ओडिशा, पुडुचेरी, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल की राज्य सरकारों के उनके लगातार समर्थन के लिए आभारी हैं।"
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल, नेटवर्क18 ग्रुप का हिस्सा है। नेटवर्क18 का नियंत्रण इंडिपेंडेट मीडिया ट्रस्ट करता है, जिसकी एकमात्र लाभार्थी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।