ओपनएआई (OpenAI) के सीईओ पद से बर्खास्त होने के बाद सैम आल्टमैन (Sam Altman) माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) में जा रहे थे। हालांकि अब उनकी ओपनएआई में वापसी हो रही है। कंपनी ने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। कंपनी के ट्वीट के मुताबिक इसे लेकर इन प्रिंसिपल एग्रीमेंट यानी प्रोविजिनल समझौते पर बात बन चुकी है। सैम आल्टमैन सीईओ के पद पर ही वापस लौट रहे हैं। इसके अलावा नया बोर्ड भी बन रहा जिसमें ब्रेट टेलर (चेयर), लैरी समर्स और एडम डीएंजेलो होंगे। इससे पहले सैम आल्टमैन की बर्खास्तगी ने अमेरिका के टेक सिटी सिलिकॉन वैली को चौंका दिया था और ओपनएआई पर भी सैम को वापस बुलाने के लिए निवेशकों का दबाव बना हुआ था।
माइक्रोसॉफ्ट माइक्रोसॉफ्ट की इसमें बड़ी हिस्सेदारी है और इसके सीईओ सत्या नडेला (Satya Nadella) ने कहा था कि अगर सैम ओपनएआई में वापस लौटते हैं तो वह इसका स्वागत करेंगे। अब आज ओपनआई में उनकी वापसी सुनिश्चित हुई है और बोर्ड में बदलाव हुआ है तो इसे लेकर नडेला ने खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि कंपनी में स्थाई और प्रभावी गवर्नेंस की दिशा में यह पहला अहम कदम है।
ओपनएआई के अंतरिम सीईओ एम्मेट शियर (Emmett Shear) ने सैम की वापसी पर खुशी जताई है। वह करीब तीन दिन ही इस पद पर रहे। उन्होंने कहा कि ओपनएआई में आकर वह समझ नहीं पा रहे थे कि सही रास्ता क्या होगा। हालांकि अब सैम की वापसी ने वह रास्ता दिखा दिया जिससे इसमें शामिल सभी स्टेकहोल्डर्स के हित सुरक्षित रहेंगे। अंतरिम सीईओ ने कहा कि उन्हें इस समाधान का हिस्सा बनकर खुशी है।
OpenAI से क्यों बर्खास्त हुए थे Sam Altman
शुक्रवार को ओपनएआई से बर्खास्त होने के बाद रविवार को माइक्रोसॉफ्ट ने एक नया AI ग्रुप चलाने के लिए सैम को हायर करने का ऐलान किया था। उनकी ओपनएआई में वापसी के लिए कई निवेशकों ने बहुत कोशिशें की थी लेकिन इसे लेकर बात नहीं बन पाई थी। सोमवार तक OpenAI के लगभग सभी एंप्लॉयीज ने धमकी दी थी कि यदि मौजूदा बोर्ड ने इस्तीफा नहीं दिया तो वे पद छोड़ देंगे और सैम ऑल्टमैन के साथ माइक्रोसॉफ्ट में चले जाएंगे। वहीं सत्या नडेला की बात करें तो उन्होंने कहा था कि सैम आल्टमैन ने क्या गलती की, इसके बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है लेकिन उन्हें सैम के नेतृत्व और क्षमता पर भरोसा है। इसी वजह से माइक्रोसॉफ्ट ने सैम को अपने यहां बुलाया था।