SpiceJet ने दिवालिया होने की खबरों का किया खंडन, बंद पड़े विमानों को फिर से उड़ाने की है तैयारी

एविएशन सेक्टर में हाल ही में मचे उथल-पुथल के बावजूद स्पाइसजेट का कहना है कि इनसॉल्वेंसी फाइल करने का उसका कोई इरादा नहीं है और वह अपने बिजनेस पर फोकस कर रही है। रेगुलेटरी फाइलिंग में कहा गया है कि एयरलाइन फंड जुटाने और खुद को पटरी पर लाने के लिए लगातार निवेशकों से बातचीत कर रही है

अपडेटेड May 11, 2023 पर 3:51 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
प्राइवेट सेक्टर की एक एयरलाइन स्पाइसजेट (SpiceJet) ने दिवालिया होने से जुड़ी खबरों का खंडन किया है।

वाडिया ग्रुप की एयरलाइन गो फर्स्ट (Go First) वित्तीय संकट से जूझ रही है और इसकी दिवालिया प्रक्रिया की अर्जी को NCLT ने मंजूर कर लिया है। इस बीच प्राइवेट सेक्टर की एक अन्य एयरलाइन स्पाइसजेट (SpiceJet) ने दिवालिया होने से जुड़ी खबरों का खंडन किया है। एविएशन सेक्टर में हाल ही में मचे उथल-पुथल के बावजूद स्पाइसजेट का कहना है कि इनसॉल्वेंसी फाइल करने का उसका कोई इरादा नहीं है और वह अपने बिजनेस पर फोकस कर रही है। रेगुलेटरी फाइलिंग में कहा गया है कि एयरलाइन फंड जुटाने और खुद को पटरी पर लाने के लिए लगातार निवेशकों से बातचीत कर रही है।

ये है स्पाइसजेट का प्लान

स्पाइसजेट ने आज 11 मई को कहा कि वह सरकार की इमरजेंसी क्रेडिट लाइन गारंटी स्कीम (ECLGS) और अपनी नकदी से कुल 5 करोड़ डॉलर का इस्तेमाल अपने बंद पड़े बेड़े को फिर से शुरू करने के लिए कर रही है। इसके साथ ही स्पाइसजेट ने दिवालिया होने से जुड़ी खबरों को गलत बताया है। पिछले हफ्ते, स्पाइसजेट ने 25 ग्राउंडेड विमानों को दोबारा उड़ने के लिए तैयार करने की घोषणा की थी। इससे एयरलाइन को आने वाले पीक ट्रैवल सीजन में मुनाफा कमाने में मदद मिलेगी।


कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर ने क्या कहा

स्पाइसजेट के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर अजय सिंह ने कहा, “इनसॉल्वेंसी फाइल करने का कोई सवाल ही नहीं है। इससे जुड़ी कोई भी अफवाह पूरी तरह निराधार है। हम अपने बंद पड़े बेड़े को फिर से शुरू करने और अधिक से अधिक विमानों को काम पर लगाने पर फोकस कर रहे हैं। इसके लिए हमने पहले ही काम शुरू कर दिया है। कंपनी इसके लिए ECLGS फंड और अपने कैश से 5 करोड़ डॉलर का इस्तेमाल कर रही है।" उन्होंने आगे कहा, "हमारे सभी पार्टनर्स के साथ बहुत अच्छे संबंध हैं। हमारे लेसर्स ने अच्छे और बुरे वक्त में हमारा सपोर्ट किया है। हम उनके सपोर्ट और भरोसे के लिए आभारी हैं।"

एनसीएलटी ने दिवाला नोटिस मिला

बता दें कि हाल ही में स्पाइसजेट को एनसीएलटी ने दिवाला नोटिस भेजा है। स्पाइसजेट को यह नोटिस आयरलैंड की एक एयरक्राफ्ट किराये पर देने वाली कंपनी की याचिका पर जारी किया गया है। लीज पर विमान देने वाली कंपनी एयरकासिल ने दावा किया कि स्पाइसजेट के ऊपर उसका बकाया लंबित है। याचिका में एनसीएलटी से स्पाइसजेट के खिलाफ दिवाला प्रक्रिया शुरू करने की अपील की गई है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।