अरबपति निवेशक रंजन पई (Ranjan Pai), यूनिकॉर्न स्टार्टअप पर्पल (Purplle) में जेएसडब्ल्यू वेंचर्स के शेयर खरीद सकते हैं। यह सौदा 60-70 करोड़ रुपये में हो सकता है। मनीकंट्रोल को यह जानकारी सूत्रों के हवाले से मिली है। पर्पल, ब्यूटी और पर्सनल केयर प्रॉडक्ट्स की ऑनलाइन रिटेलर है। यह पांच महीने में JSW वेंचर्स की ओर से पर्पल में शेयर बेचने का दूसरा वाकया होगा। मई 2023 में इसने अबू धाबी इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी (ADIA) को आंशिक हिस्सेदारी बेची थी। प्राइवेट मार्केट डेटा प्रोवाइडर ट्रैक्सन के अनुसार, जुलाई तक JSW के पास पर्पल की 2.8 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
साल 2011 में मनीष तनेजा और राहुल दाश ने पर्पल की शुरुआत की थी और आज यह 1 अरब डॉलर वैल्यूएशन का स्टार्टअप है। इसकी प्रमुख प्रतिद्वंदी Nykaa है।
कई स्टार्टअप में पैसे लगा चुके हैं पई
रंजन पई पेशे से डॉक्टर और बिजनेसमैन हैं। वह मणिपाल एजुकेशन एंड मेडिकल ग्रुप के चेयरमैन हैं।पई ने कई स्टार्टअप्स में निवेश किया हुआ है। पिछले कुछ महीनों में वह एक एक्टिव एंजल इन्वेस्टर बनकर उभरे हैं और Byju’s, FirstCry, BlueStone आदि में हिस्सेदारी खरीदी है। हालांकि हाल ही में उन्होंने अपने Manipal Hospitals में कंट्रोलिंग स्टेक, सिंगापुर की Temasek को बेच दिए। यह भारत के हेल्थकेयर सेक्टर में किसी प्राइवेट इक्विटी फंड की अब तक की सबसे बड़ी डील है। पई मणिपाल ग्रुप ऑफ एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस को भी चलाते हैं।
मई में पर्पल को मिली थी 4-5 करोड़ डॉलर की फंडिंग
मई में Purplle ने 4-5 करोड़ डॉलर की फंडिंग हासिल की थी। कंपनी का कहना है कि वह अधिक स्टोर खोलकर अपनी ऑफलाइन मौजूदगी का विस्तार करने और अपनी ऑनलाइन मौजूदगी को मजबूत करने के लिए इस पैसे का इस्तेमाल करेगी। पर्पल ने अभी तक प्रेमजी इन्वेस्ट, ब्लूम वेंचर्स, केदारा कैपिटल, गोल्डमैन सैक्स, जेएसडब्ल्यू वेंचर्स और कई अन्य से लगभग 45 करोड़ डॉलर (लगभग 37.45 अरब रुपये) की फंडिंग जुटाई है।