दुनिया की सबसे अधिक वैल्यूएशन वाली एडटेक कंपनी बायजूस (Byju's) की फेयर-वैल्यू को ब्लैकरॉक (BlackRock) ने 62 प्रतिशत घटा दिया है। अक्टूबर 2022 के बाद से यह दूसरी मौका है जब ब्लैकरॉक ने Byju's की फेयर वैल्यू घटाई है। ब्लैकरॉक दुनिया की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी (AMC) है, जिसके पास Byju's के 2,279 शेयर या 1 फीसदी से भी कम हिस्सेदारी है। ब्लैकरॉक ने मार्च तिमाही के अंत में अपने इस 2,279 शेयरों की वैल्यू 4,043,471 डॉलर आंकी है। इस हिसाब से Byju's कुल फेयर-वैल्यू करीब 8.4 अरब डॉलर आती है। पिछले साल अप्रैल तक, कंपनी ने बायजूस का वैल्यूएशन 22 अरब डॉलर से कुछ अधिक लगाया था। Inc42 ने इस बार में सबसे पहले सूचना दी थी।
यहां यह बताना जरूरी है, AMC आमतौर पर अपने आतंरिक मूल्यांकन के आधार पर फेयर-वैल्यू में इस तरह का बदलाव करती नहीं है। यह जरूरी नहीं है कि इससे स्टार्टअप के कुल वैल्यूएशन में सचमुच में गिरावट आ जाए। इसके अलावा ब्लैकरॉक की Byju's में अल्पमत हिस्सेदारी है। ऐसे में कंपनी के कारोबारी के बारे में उसकी सीमित जानकारी तक पहुंच है।
Byju's के फेयर-वैल्यू में गिरावट की यह खबर ऐसे समय में आई है, जब कंपनी करीब 1 अरब डॉलर की भारी फंडिंग जुटाने की तैयारी कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी 22 अरब डॉलर के पिछले वैल्यूएशन पर ही फंडिंग जुटाने के लिए बातचीत कर रही है। यह लगातार दूसरा राउंड है, जब कंपनी सपाट वैल्यूएशन पर पैसे जुटा रही है।
कंपनी इसमें से 25 करोड़ डॉलर की रकम पहले ही स्ट्रक्चर्ड इंस्ट्रूमेंट्स के माध्यम से जुटा चुकी है। वहीं बाकी 70 करोड़ डॉलर को इक्विटी रूट से जुटाने के लिए अंतिम दौर की बातचीत में है।
यह फंडिंग एक तरह से संकेत होगा कि फर्म के फाउंडर और सीईओ बायजू रवींद्रन में निवेशकों का भरोसा अभी भी मजबूत बना हुआ है। ऐसा इसलिए क्योंकि हाल ही में इनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ED) ने फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट (FEMA) के प्रावधानों के तहत इसके ऑफिसों में छापे मारे थे, जिसके बाद इसके कारोबारी तरीकों पर सवाल उठने शुरू हुए थे।