एडटेक स्टार्टअप बायजूज (Byju's) की वित्तीय मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही हैं। कंपनी ने एक बार फिर अपने निकाले गए कर्मचारियों को फुल-एंड-फाइनल पेमेंट देने में देरी की है। इससे पहले कंपनी ने इन कर्मचारियों के फुल-एंड-फाइनल पेमेंट की तारीख को सिंतबर से बढ़ाकर नवंबर किया था। मनीकंट्रोल ने Byju's के करीब 60 कर्मचारियों से संपर्क किया, जिन्हें नौकरी से निकाला गया है और उनका फुल-एंड-फाइनल पेमेंट मिलना अभी बाकी है। इन कर्मचारियो को 2023 के पहले 9 महीने के दौरान कंपनी में कई दौर की हुई छंटनी में निकाला गया था।
Byju's इस समय नकदी संकट से जूझ रही है। उसके सामने बकाया कर्ज के भुगतान की भी चुनौती है और लंबे समय से कंपनी की फंडिंग राउंड की योजना भी आगे नहीं बढ़ रही है। ऐसे में बायजूज ने अपने खर्चों को कम करने के लिए छंटनी की योजना बनाई थी।
करीब 48 पूर्व कर्मचारियों से हमें प्रतिक्रिया मिली, जिसमें से 40 ने कहा कि कंपनी ने अभी तक उनका पूरा और फाइनल पेमेंट नहीं किया है, जबकि इसे 17 नवंबर तक देने का वादा किया गया था। वहीं 8 पूर्व कर्मचारियों ने कहा कि उन्हें राशि मिल गई है, लेकिन उनमें से भी दो-तिहाई का कहना था कि उन्हें वेरिएबल पे या इनसेंटिव्स नहीं मिला है। बायजूज ने खबर लिखे जाने के समय तक मनीकंट्रोल के भेजे सवालों का जवाब नहीं दिया था।
कंपनी के एक करीबी सूत्र ने कहा कि Byju's साप्ताहिक आधार पर चरणबद्ध तरीके से पेमेंच कर रहा है और अक्टूबर के बकाया भुगतान का सेटलमेंच कर चुका है। हालांकि, जून-जुलाई अवधि के दौरान कंपनी से निकाले गए कम से कम 10 कर्मचारी अभी भी अपने फाइनल सेटलमेंट का इंतजार कर रहे हैं। यह खबर ऐसे समय में जब जॉब मार्केट में मंदी के चलते छंटनी के शिकार ऐसे कई कर्मचारी अभी तक दूसरी नौकरी नहीं ढूंढ पाए हैं।
मनीकंट्रोल ने इससे पहले जून बताया कि बायजूज ने एक बार फिर मेंटरिंग, लॉजिस्टिक्स, ट्रेनिंग, सेल्स, पोस्ट-सेल्स और फाइनेंस सहित कई डिपार्टमेंट में करीब 1,000 स्टाफ सदस्यों की छंटनी शुरू कर दी है। बाद में अगस्त में कंपनी ने करीब 400 कर्मचारियों को बर्खास्त किया था और दावा किया था कि ऐसा इन कर्मचारियों के परफॉर्मेंस रिव्यू के बाद किया गया है।