देश की सबसे बड़ी एडटेक स्टार्टअप बायूजज (Byju's) अपनी अमेरिकी यूनिट 'एपिक क्रिएशंस इंक (Epic! Creations Inc)' को बेचने की तैयारी कर रही है। कंपनी इसके लिए जोफ्रे कैपिटल लिमिटेड (Joffre Capital Ltd) से बातचीत कर रही है। न्यूज एजेंसी ब्लूमबर्ग की मानें तो यह डील करीब 40 करोड़ डॉलर (करीब 3,329 करोड़ डॉलर) में हो सकती है। एपिक क्रिएशंस, बच्चों के लिए एक डिजिटल रीडिंग प्लेटफॉर्म है। मामले से वाकिफ लोगों ने बताया कि एपिक क्रिएशंस की बिक्री से बायजूज को अपने 1.2 अरब डॉलर के विवादित लोन को चुकाने के लिए पैसे जुटाने में मदद मिल सकती है।
ब्लूमबर्ग ने सूत्रों से बताया कि डुओलिंगो इंक (Duolingo Inc) जैसे कुछ अन्य फर्मों ने एपिक क्रिएशंस को खरीदने में दिलचस्पी दिखाई है।
बता दें कि बायजूज और उसके लेनदारों के बीच टर्म लोन पर ब्याज भुगतान में चूक को लेकर विवाद चल रहा है। बायजूज ने कोरोना महामारी के दौरान ग्लोबल लेवल पर आक्रामक तरीके से खुद के विस्तार के लिए यह लोन लिया था। कंपनी ने हाल ही में लेनदारों को एसेट्स बिक्री के जरिए छह महीने से भी कम समय में पूरे 1.2 अरब डॉलर के लोन भुगतान करने के लिए एक रिस्ट्रक्चर का प्रस्ताव दिया था।
रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया कि एपिक के लिए बिक्री प्रक्रिया को मोएलिस एंड कंपनी आगे बढ़ा रही है और इस महीने की शुरुआत में एक सौदे को अंतिम रूप दिया जा सकता है। लोगों ने कहा कि फिलहाल डील पर कोई अभी अंतिम फैसला नहीं किया गया है और Byju's संपत्ति को लंबे समय तक रखने का विकल्प चुन सकता है।
बता दें कि बायजूज ने साल 2021 में 50 करोड़ डॉलर की एक डील में एपिक को खरीदा था। अमेरिकी फर्म एपिक की शुरुआत करीब एक दशक पहले हुई थी और इसके ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर करीब 40 हजार से अधिक बुक्स का कलेक्शन है।
बायजूज इन दिनों अफने घाटे को कम करने के लिए लागत कम करने की कोशिश कर रहा है। बायजूज की गिनती एक समय देश के सबसे अधिक वैल्यूएशन वाले स्टार्टअप्स में होती थी। हालांकि फिलहाल यह कंपनी लेनदारों के साथ कानूनी लड़ाई में फंसी हुई है और अपने खातों को लेकर नियामकीय जांच का भी सामना कर रही है।