Byju’s अक्टूबर के दूसरे हफ्ते में जारी करेगी FY22 रिजल्ट, बोर्ड की बैठक बुलाने के लिए नोटिस जारी

एडटेक फर्म बायजूज (Byju’s) की मूल कंपनी 'थिंक एंड लर्न प्राइवेट लिमिटेड (Think and Learn Pvt Ltd)' ने अक्टूबर के दूसरे हफ्ते में एक बोर्ड बैठक बुलाने के नोटिस में जारी किया है। इस बैठक में वित्त वर्ष 2022 के कंपनी के वित्तीय नतीजों को मंजूरी दी जाएगी

अपडेटेड Sep 30, 2023 पर 8:29 PM
फिलहाल Byju’s के बोर्ड में सिर्फ फाउंडर बायजू रवींद्रन और उनके परिवार के सदस्य हैं

एडटेक फर्म बायजूज (Byju’s) की मूल कंपनी 'थिंक एंड लर्न प्राइवेट लिमिटेड (Think and Learn Pvt Ltd)' ने अक्टूबर के दूसरे हफ्ते में एक बोर्ड बैठक बुलाने के लिए नोटिस जारी किया है। इस बैठक में वित्त वर्ष 2022 के कंपनी के वित्तीय नतीजों को मंजूरी दी जाएगी। यह बैठक काफी अहम है क्योंकि बायजूज के वित्तीय नतीजों में देरी का मुद्दा पिछले काफी समय से सुर्खियों में था। यहां तक की कंपनी के कई स्टेकहोल्डर्स ने भी इसे लेकर चिंता जताई थी।

बायजू ने एक बयान में कहा कि उसके बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स अक्टूबर के दूसरे हफ्ते में सलाहकार परिषद और कुछ आमंत्रित सदस्यों के साथ ऑडिट किए गए खातों को औपचारिक रूप से मंजूर करने के लिए बैठक करेंगे। यहां यह भी बताना जरूरी है, फिलहाल बायजूज के बोर्ड में सिर्फ फाउंडर बायजू रवींद्रन और उनके परिवार के सदस्य- दिव्या गोकुलनाथ और रिजु रवींद्रन ही शामिल हैं।

बायजूज के निवेशकों की ओर से बोर्ड में शामिल कुछ प्रतिनिधियों ने हाल ही में इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद इसके सदस्यों की संख्या घट गई। कंपनी ने बाद में बोर्ड को अहम विषयों पर सलाह देने के लिए एक एडवाइजरी काउंसिल बनाई, जिसमें मोहनदास पई और रजनीश कुमार जैसे इंडस्ट्री के दिग्गज शामिल हैं।


यह भी पढ़ें- सरकार पहली बार पेश करेगी 50 साल मैच्योरिटी वाली सिक्योरिटी, जानिए इसकी खास बातें

कंपनी के स्टैंडअलोन ऑडिट को हाल ही में नियुक्त ऑडिटर बीडीओ ने पूरा कर लिया गया और इसके मैनेजमेंट को पेश कर दिया है। अब इसे क्टूबर के दूसरे सप्ताह में विस्तारित बैठक में अपनाया जाएगा और मंजूरी दी जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, विशेष आमंत्रित लोगों में इसके कुछ बड़े निवेशकों के प्रतिनिधि शामिल हो सकते हैं।

बता दें कि इससे पहले डेलॉयट ने बायजूज के वित्त वर्ष 2022 के नतीजे आने में देरी होने का हवाला देते हुए कंपनी के ऑडिटर पद से इस्तीफा दे दिया था। डेलॉयट से पहले इसके बोर्ड के 3 सदस्यों ने भी इस्तीफे का ऐलान किया था, जिसमें निवेशक पीक XV, प्रोसस और चैन जुकरबर्ग के प्रतिनिधि शामिल थे। उन्होंने अहम कारोबारी मुद्दों पर बायजू रवींद्रन के साथ मतभेद के चलते इस्तीफे दिए थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।