एडटेक सेक्टर की यूनिकॉर्न बायजू (Byju's) ने अपने मौजूदा निवेशकों से एक नए फडिंग राउंड के तहत 25 करोड़ डॉलर (करीब 2,000 करोड़ रुपये) की रकम जुटाई है। इन मौजूदा निवेशकों में कतर इनवेस्टमेंट अथॉरिटी (QIA) भी शामिल है। कंपनी ने यह फंडिंग 22 अरब डॉलर के सपाट वैल्यूएशन पर जुटाई है। Byju's की तरफ से फंडिंग जुटाने की यह खबर ऐसे समय में आई है, जब कुछ दिनों पहले ही उसने अपने 2,500 से अधिक कर्मचारियों की छंटनी का योजना ऐलान किया है।
Byju's की फंडिग जुटाने की योजना से सीधे वाकिफ एक सूत्र ने मनीकंट्रोल को बताया कि पिछले महीने कंपनी के वित्तीय नतीजे आने के बाद नए निवेशकों ने 11 से 12 अरब डॉलर के वैल्यूएशन पर फंडिंग का ऑफर दिया था, लेकिन कंपनी ने इस वैल्यूएशन पर पैसे नहीं जुटाए।
सूत्र ने बताया कि पिछले 12 महीनों के दौरान, बायजू के शेयरों की सेकेंडरी बिक्री 16 अरब डॉलर से 17 अरब डॉलर के बीच के वैल्यूएशन पर हुई है। जबकि कंपनी की सभी प्राइमरी इस साल मार्च से अब तक 22 अरब डॉलर के वैल्यूएशन पर हुई है। उन्होंने बताया कि इस राउंड के दौरान 25 करोड़ डॉलर से अधिक प्राइमरी में जुटाए गए हैं।
सेकेंडरी बिक्री आमतौर पर छूट पर होती है। बायजू ने इस मामले में कोई टिप्पणी नहीं की। मनीकंट्रोल इस फंडिंग राउंड में शामिल अन्य निवेशकों की पहचान नहीं कर सका।
Byju's के को-फाउंडर और सीईओ, बायजू रवींद्रन ने बताया, "बायजू अब अपने ग्रोथ के लिए बिल्कुल सही मुकाम पर है, जहां यूनिट इकोनॉमिक्स और इकोनॉमिक्स ऑफ सेल दोनों हमारे पक्ष में हैं। इसका मतलब है कि अब हम अपने कारोबार में जो पूंजी निवेश करते हैं, वह अब एक मुनाफे वाले ग्रोथ में बदलेगी और एक स्थायी सामाजिक प्रभाव पैदा करेगी।"
उन्होंने आगे कहा, "अर्थव्यवस्था के स्तर पर विपरीत परिस्थितियों के बावजूद, आदमनी, मुनाफा और ग्रोथ के लिहाज से वित्त वर्ष 2022-23 हमारे लिए अब तक का सबसे अच्छा साल होने जा रहा है। हमारे मौजूदा निवेशकों की तरफ से हमें लगातार मिलता समर्थन इस बात की पुष्टि करता है कि हमने अब तक एक अलग छाप छोड़ी है और हम आगे मुनाफे की राह है।"