दुनिया की सबसे अधिक वैल्यूएशन वाली एडटेक स्टार्टअप बायजूस (Byju's) की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बायजूस ने करीब 1.2 अरब डॉलर (करीब 9,800 करोड़ रुपये) का कर्ज ले रखा है। जिन क्रेडिटर्स से इस कर्ज को लिया गया है, वे इस कर्ज के एक हिस्से के जल्द भुगतान की मांग कर रहे हैं। इसके लिए वह कर्ज की शर्तों पर फिर से बातचीत करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि बायजूस ने इस कर्ज से जुड़ी कई शर्तों का उल्लंघन किया है। इस बीच ब्लूमबर्ग ने मंगलवार 10 जनवरी को एक रिपोर्ट में बताया कि Byju's ने अपने क्रेडिटर्स से इस कर्ज से जुड़ी शर्तों पर फिर से बातचीत करने के लिए और समय की मांग की है।
रिपोर्ट के मुताबिक, क्रेडिटर्स के पास मंगलवार तक फॉरबियरेंस एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर करने का समय है। इस एग्रीमेंट से बायजूस को अपने कर्ज की व्यापक शर्तों पर बातचीत के लिए 10 फरवरी तक का समय मिल जाएगा।
बायजूस 31 मार्च 2022 को समाप्त हुए वित्त वर्ष के लिए निश्चित समयसीमा में अपने नतीजे जारी करने से चूक गई थी, जिसे कर्ज की शर्तों का उल्लंघन बताया जा रहा है।
बायजूस ने कोरोना काल तक काफी तेजी से उड़ान भरी थी। हालांकि हाल में उसके बढ़ते घाटे को लेकर क्रेडिटर्स और निवेशकों के बीच चिंता देखी गई है, जिसके बाद से वह उन्हें मनाने में लगा है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने नए शेयर जारी कर इक्विटी कैपिटल जुटाने और क्रेडिटर्स को मानक आधारित अर्निंग रिपोर्ट और बाहरी ऑडिटर्स से सत्यापित कैश वैरेफिकेशन स्टेटमेंट मुहैया कराने आदि का ऑफर दिया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, एग्रीमेंट पर फिर से बातचीत करने के लिए लेंडर्स से साधारण बहुमत के साथ मंजूरी लेने की जरूरत होगी।
जल्द कर्ज चुकाने की मांग कर कुछ क्रेडिटर्स का यह भी कहना है कि अगर Byju's के पास पैसे नहीं है, तो वह अपनी अमेरिकी इकाई के लिए रखे 85 करोड़ डॉलर के कैश रिजर्व में से इसका भुगतान करे। क्रेडिटर्स ने यह मांग उस वक्त की थी, जब बायजू बीते सितंबर में अपने नतीजे जारी करने की डेडलाइन से चूक गई थी।
बायजूस अपने घाटे में बढ़ोतरी के बीच लागत को कम करने के उपायों में जुटी है और इस बीच कर्ज की भुगतान-प्रक्रिया में किसी भी तरह तेजी कंपनी के लिए एक झटका हो सकती है।
ब्लूमबर्ग के डेटा के मुताबिक, यह लोन सोमवार को डॉलर पर 80 सेंट में ट्रेड हो रहा था। सितंबर में यह गिरकर डॉलर के 64.5 सेंट पर पहुंच गया और तब कई प्राइमरी लेंडर्स ने इस बेच दिया था। जिन लेंडर्स ने उस वक्त इसे प्राइमरी होल्डर्स से खरीदा था, वह लोन के जल्द भुगतान के जरिए इससे मुनाफा लेने की कोशिश में है।
जेपी मॉर्गन चेज (JPMorgan Chase) के मुताबिक, यह लोन दुनिया की किसी भी न्यू एज कंपनी की ओर से ऑफर किया जाना वाला सबसे बड़ा अनरेटेड टर्म लोन बी (term loan B) है। बीते साल नवंबर में इस लोन की वैल्यूएशन Libor की तुलना में 550 प्वाइंट्स ऊपर रखा गया था।