चंद मिनटों में सामान डिलीवरी करने वाली कंपनी डंजो (Dunzo) को बकाया भुगतान न करने पर फेसबुक इंडिया ऑनलाइन सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड (Facebook India Online Services Private Limited) और बेंगलुरु की एक सॉफ्टवेयर कंसल्टेंसी फर्म निलेंसो (Nilenso) ने कानूनी नोटिस भेजा है। मनीकंट्रोल को सूत्रों के जरिए यह जानकारी मिली। यह घटनाक्रम ऐसे समय में आया है, जब Dunzo की दूसरी सबसे बड़ी निवेशक गूगल (Google) ने भी उसे एक कानूनी नोटिस भेजकर बकाया भुगतान करने को कहा है।
मामले से वाकिफ लोगों ने मनीकंट्रोल को बताया कि Dunzo ने फेसबुक को आंशिक भुगतान किया है, लेकिन अभी भी टेक दिग्गज पर उसका लगभग 1.5 करोड़ रुपये बकाया है। Dunzo ने फेसबुक की विज्ञापन सेवाओं का लाभ उठाया था लेकिन इसके लिए पूरी राशि का भुगतान नहीं किया था।
कानूनी नोटिस में लिखा, "Dunzo ने बार-बार मौखिक और लिखित रूप से जानकारी दिए जाने के बावजूद कॉन्ट्रैक्ट के तहत फेसबुक इंडिया को भुगतान करने में चूक की। Dunzo ने इस चूक को सुधारने के लिए अपनी देनदारियों को स्वीकार किया और फेसबुक इंडिया को भुगतान करना शुरू कर दिया। हालांकि, यह भुगतान कंपनी के सभी बकाया राशि को निपटाने के लिए पर्याप्त नहीं था।"
घटनाक्रम से वाकिफ एक व्यक्ति ने बताया कि कुल मिलाकर स्टार्टअप के लिए डिमांड नोटिस की रकम 5-6 करोड़ रुपये से ज्यादा नहीं होगी।
17 मार्च को कंपनी को भेजे नोटिस में कहा गया है, "फेसबुक इंडिया ने पूरे बकाया राशि के लिए फॉलो-अप ईमेल और कुछ कॉल करके कंपनी के भुगतान की स्थिति जानने को लेकर एक और कोशिश की। हालांकि Dunzo अपने पेमेंट प्लान के बारे में जानकारी देने में नाकाम रही। ऐसे में इसके अकाउंट को सस्पेंड किया जाता है।"
Dunzo की शुरुआत 2015 में हुई थी। स्टार्टअप ने अपनी स्थापना के बाद से अबतक रिलायंस, गूगल, लाइटरॉक, लाइटबॉक्स, ब्लूम वेंचर्स सहित कई संस्थाओं से करीब 50 करोड़ डॉलर की रकम जुटाई है। कंपनी में 25.8 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ रिलायंस सबसे बड़ी शेयरधारक है। वहीं करीब 19 प्रतिशत स्वामित्व के साथ गूगल इसका दूसरा सबसे बड़ा शेयरधारक है।
Dunzo को फेसबुक के अलाना निलेंसो से भी नोटिस मिला है। निलेसों, कॉन्ट्रैक्ट पर सॉफ्टवेयर इंजीनियर सेवाएं मुहैया कराने वाली कंपनी है। सूत्रों ने बताया कि निलेंसों ने बकाया भुगतान के लिए Dunzo को इनसॉल्वेंसी एंड बैंकरप्सी कोड (IBC) के तहत एक डिमांड नोटिस भी भेजा है। एक व्यक्ति ने बताया Dunzo ने लगभग 1 करोड़ रुपये का भुगतान करने किया है, लेकिन अभी भी उसपर लगभग 2.5 करोड़ रुपये बकाया है।